बरेली के चौबारी मेले में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर हादसा:रामगंगा में नहाते समय डूबे तीन बच्चे, दो को गोताखोरों ने बचाया, एक लापता
बरेली के ऐतिहासिक चौबारी मेले में कार्तिक पूर्णिमा की रौनक मंगलवार दोपहर उस वक्त मातम में बदल गई, जब रामगंगा में स्नान कर रहे तीन बच्चे गहरे पानी में समा गए। घाट पर मुस्तैद गोताखोरों ने बिना वक्त गंवाए नदी में छलांग लगाई और दो बच्चों की जान बचा ली, लेकिन 12 साल का मानव तेज धार में ओझल हो गया। पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें कई घंटों से नदी खंगाल रही हैं, पर बच्चे का कोई पता नहीं चल सका है। आंवला के कमठेना गांव से परिवार संग आया था मासूम
हादसे का शिकार हुआ 12 वर्षीय मानव आंवला क्षेत्र के कमठेना गांव का रहने वाला है। मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए वह अपने पिता चंद्र प्रकाश और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चौबारी मेले में पहुंचा था। दोपहर करीब एक बजे पिता-पुत्र रामगंगा घाट पर डुबकी लगा रहे थे। इसी दौरान मानव अपने हमउम्र बच्चों के साथ पानी में अठखेलियां करते हुए अचानक गहरे कुंड की तरफ चला गया। देखते ही देखते मानव और उसके दो साथी पानी में डूबने लगे। गोताखोरों ने दो बच्चों को तो सुरक्षित किनारे खींच लिया, लेकिन मानव गहराई में लापता हो गया। बेटे को बचाने की जद्दोजहद में खुद डूबने लगे पिता
सुभाषनगर इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन के मुताबिक, आंखों के सामने बेटे को डूबता देख पिता चंद्र प्रकाश बदहवास होकर गहरे पानी की ओर लपके। बेटे को थामने की कोशिश में उनका पैर फिसला और वे खुद भी धार में फंसकर डूबने लगे। गनीमत रही कि पास मौजूद गोताखोरों की नजर उन पर पड़ गई और उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया गया। इस घटना के बाद से घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, सभी आंखें नम किए मानव के सुरक्षित लौटने की दुआ कर रहे हैं। हजार जवान और वॉच टावर के बावजूद सुरक्षा में चूक
मुख्य स्नान पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने के मद्देनजर प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा का खाका तैयार किया था। मेला क्षेत्र में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी, एसडीआरएफ, मोटरबोट और गोताखोरों की फौज उतारी गई थी। निगरानी के लिए नौ वॉच टावर, 18 मोबाइल टीमें और सीसीटीवी कैमरे भी सक्रिय थे। इतने भारी बंदोबस्त के बावजूद बच्चों का गहरे पानी में चले जाना घाटों पर की गई बैरिकेडिंग और जल पुलिस की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)