संभल हिंसा के बाद में विकास परियोजनाएं शुरू हुईं:350 करोड़ से 68 तीर्थों की परिक्रमा का रास्ता होगा चौड़ा

Nov 24, 2026 - 18:02
0
संभल हिंसा के बाद में विकास परियोजनाएं शुरू हुईं:350 करोड़ से 68 तीर्थों की परिक्रमा का रास्ता होगा चौड़ा
संभल में विवादित धार्मिक स्थल श्रीहरिहर मंदिर-शाही जामा मस्जिद परिसर में कोर्ट कमिश्नर के सर्वे के दौरान हुई हिंसा को दो साल पूरे हो गए हैं। 24 नवंबर 2024 को हुई झड़प में गोली लगने से चार युवकों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर विकास परियोजनाओं तक कई बदलाव हुए। संभल को स्थायी जिला मुख्यालय मिला, पुलिस लाइन का निर्माण चल रहा है और पीएसी बटालियन स्थापित हो चुकी है। वहीं, 68 तीर्थों और 19 कूपों की 24 कोसी परिक्रमा के रास्ते को चौड़ा करने के लिए 350 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। आनंदपुर में बना जिले का स्थायी मुख्यालय, पुलिस लाइन का निर्माण जारी संभल जिले का गठन 28 सितंबर 2011 को हुआ था। 18 जुलाई 2026 को गांव आनंदपुर में जिले को स्थायी मुख्यालय मिला। यहां पुलिस लाइन का निर्माण कराया जा रहा है। जिले में पीएसी बटालियन स्थापित हो चुकी है। सत्यव्रत पुलिस चौकी में एटीएस यूनिट भी खोली गई है। संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोट पूर्वी में विवादित धार्मिक स्थल के सामने दो मंजिला सत्यव्रत पुलिस चौकी बनाई गई है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों सहित पूरे शहर पर नजर रखने के लिए नगर पालिका परिषद ने 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों वाला कंट्रोल रूम भी तैयार कराया है। 68 तीर्थों और 19 कूपों की परिक्रमा पर 350 करोड़ खर्च होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल के 68 तीर्थों और 19 कूपों की 24 कोसी परिक्रमा के 52 किलोमीटर लंबे मार्ग को चौड़ा करने और अतिक्रमण हटाने के लिए 350 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। इसकी पहली किस्त भी मिल चुकी है। मुख्यमंत्री बंधन योजना सहित अन्य मदों से तीर्थों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। हल्लू सराय स्थित यमतीर्थ का मुख्यमंत्री बंधन योजना के तहत 1 करोड़ 18 लाख रुपये से जीर्णोद्धार हो रहा है। शेर खां सराय में चतुर्मुख कूप का 15वें वित्त आयोग से जीर्णोद्धार कराया गया है। पिशाच मोचन और पाप मोचन तीर्थ के लिए 1.98 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अलावा 40 तीर्थों और 15 कूपों के लिए भी 20 करोड़ रुपये से अधिक का बजट जारी हो चुका है। 1978 के दंगे के 46 साल बाद खुले थे कार्तिकेय महादेव मंदिर के कपाट 14 दिसंबर 2024 को 1978 के दंगे के 46 साल बाद प्राचीन कार्तिकेय महादेव मंदिर के कपाट खोले गए थे। यह मंदिर सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर से करीब 200 मीटर दूर है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए और पीएसी के जवान तैनात किए गए। 19 दिसंबर 2024 को सांसद के घर में बिजली चोरी पकड़ी गई थी। इस मामले में करीब आठ महीने तक सुनवाई चली। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सांसद के घर की काटी गई बिजली दोबारा जोड़ी गई। अटल बाल उद्यान बना, घंटाघर का भी हुआ जीर्णोद्धार संभल के मुख्य बाजार में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल बाल उद्यान पार्क बनाया गया है। यहां पहले अवैध कब्जा था, जिसे हटाकर लोगों की सुविधा के लिए पार्क विकसित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग अब यहां बैठ सकते हैं। वर्ष 1930 में बने घंटाघर का भी जीर्णोद्धार कराया गया है। उस पर मध्य प्रदेश का लाल पत्थर लगाया गया और रोशनी के लिए लाइटें लगाई गई हैं। चंदौसी चौराहे पर लगेगी पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा शहर के मुख्य चंदौसी चौराहे पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा लगाने की तैयारी अंतिम चरण में है। यह काम दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। मुरादाबाद रोड पर 10 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन स्थल विकसित किया जा रहा है। एडीएम कार्यालय के निकट ऑडिटोरियम का निर्माण भी कराया जा रहा है। चंदौसी के लक्ष्मणगंज मोहल्ले में रानी की बावड़ी मिलने के बाद खुदाई कर उसे संरक्षित किया गया है। यहां माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा लगाई जाएगी। हसनपुर मार्ग को प्राचीन श्रीकल्कि विष्णु मंदिर से जोड़ा जाएगा। वहीं, महाराणा प्रताप पार्क में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। दिसंबर में 10 से 12 कार्यों का होगा उद्घाटन डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया कि शासन की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। उनके साथ अन्य अधिकारी भी सभी कार्यों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। दिसंबर में 10 से 12 कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User