भाई की मौत का बदला लेना था इसलिए मारा:प्रयागराज में युवक की गोली मारकर हत्या का साजिशकर्ता बोला, पुलिस ने 3 को भेजा जेल
प्रयागराज के मऊआइमा में सरेशाम युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतारने की वारदात का सनसनीखेज खुलासा हुआ। सात महीने पहले हुई युवक की मौत का बदला लेने के लिए उसके भाई ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता समेत 3 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में अनिल कुमार पटेल उर्फ बरसाती (29), निवासी लोकापुर थाना मऊआइमा, कृष्ण कुमार पटेल उर्फ के.के. (23), निवासी अचकवापुर थाना सोरांव और बृजलाल पटेल उर्फ खूंटी (55), निवासी तख्खू का पूरा ददौली थाना सोरांव को गिरफ्तार किया है। तीनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। बता दें कि 20 नवंबर को मऊआइमा के लोकापुर गांव में विजय लाल पटेल उर्फ मिन्टू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। भाई की मौत के बाद पनपी थी रंजिश
डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी पुष्कर वर्मा ने मंगलवार को इस मामले का खुलासा किया। उनके मुताबिक, मुख्य आरोपी अनिल कुमार पटेल उर्फ बरसाती ने बताया, मेरा भाई रंजीत पटेल पिछले करीब 20 वर्षों से विजय लाल पटेल उर्फ मिन्टू के साथ रहता था। विजय लाल शराब पीने का आदी था और उसने रंजीत को भी शराब की लत लगा दी थी। अप्रैल 2026 में विजय लाल रंजीत को गांव के पास रेलवे ट्रैक पर ले गया, जहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान रंजीत ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई, जबकि विजय लाल बच निकला। गांव में खुद को बताता था हत्या का जिम्मेदार
पुलिस के अनुसार, अनिल ने बताया कि रंजीत की मौत के बाद गांव में यह चर्चा फैल गई कि विजय लाल ने ही उसे ट्रेन के आगे धक्का दिया था। इतना ही नहीं, विजय लाल गांव में यह कहकर लोगों के बीच रौब झाड़ता था कि उसी ने रंजीत को ट्रेन के आगे फेंककर मार डाला और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सका। इसी बात से मेरे मन में बदले की भावना घर कर गई। दो साथियों के साथ बनाई हत्या की योजना
बदला लेने के लिए अनिल कुमार पटेल ने अपने मामा के बेटे कृष्ण कुमार पटेल उर्फ के.के. को योजना में शामिल किया। बाद में बदौली में पान की दुकान चलाने वाले बृजलाल पटेल उर्फ खूंटी को भी साथ मिला लिया गया। तीनों ने मिलकर विजय लाल की हत्या की पूरी योजना तैयार की।
पीपल के पेड़ के पास मारी गोली
20 नवंबर को तीनों अपाचे मोटरसाइकिल से गांव के बाहर अंडरपास के पास पीपल के पेड़ के नीचे पहुंचे, जहां विजय लाल बैठा था। अनिल ने कृष्ण कुमार को विजय की पहचान कराते हुए कहा कि यही उसके भाई की मौत का जिम्मेदार है। इसके बाद कृष्ण कुमार ने तमंचे से विजय लाल को गोली मार दी। वहीं बृजलाल एक अन्य लोडेड असलहा लेकर बाइक पर बैठा रहा ताकि कोई बीच-बचाव करे तो उस पर भी गोली चलाई जा सके। वारदात के बाद ऐसे भागे आरोपी
हत्या के बाद शक से बचने के लिए अनिल पैदल अपने घर चला गया, जबकि कृष्ण कुमार और बृजलाल मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, तीनों दोबारा जिले से बाहर भागने की तैयारी कर रहे थे। उनके पास हथियार भी थे और यदि कोई उन्हें पकड़ने की कोशिश करता तो उस पर हमला करने की योजना थी। इससे पहले ही पुलिस टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)