लखनऊ में जापानी जोड़े ने की शादी:हिंदू रीति रिवाज से विवाह के बंधन में बंधे, दुल्हा बोला-भारतीय संस्कृति बहुत अच्छी लगती है
लखनऊ में एक ऐसी शादी हुई, जिसमें न सरहदें बाधा बनीं और न संस्कृतियों का अंतर। जापान से आए एक जोड़े ने गोमतीनगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। जापानी दूल्हे हिरो चिहारा और दुल्हन शिसु ने पारंपरिक रस्मों के बीच एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना।शादी में भारतीय संस्कृति के प्रति विदेशी जोड़े का प्रेम और सम्मान चर्चा का विषय रहा। इस शादी की कहानी भी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। दूल्हे हिरो चिहारा ने बताया कि साल 2022 में उनका और शिसु का तलाक हो गया था। इसके बाद 2023 में दोनों फिर करीब आए। चिहारा के मुताबिक, इस रिश्ते को दोबारा जोड़ने में उनके भारतीय दोस्तों ने अहम भूमिका निभाई। दोस्तों की कोशिशों से दोनों के बीच फिर से नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया। चिहारा ने बताया कि वह भारतीय संस्कृति से बेहद प्रभावित हैं और इसका बहुत सम्मान करते हैं। उनकी इच्छा थी कि शादी भारत में भारतीय परंपराओं के अनुसार हो। लखनऊ को चुनने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके एक भारतीय दोस्त का यहां घर है। इसलिए यहां शादी करना उनके लिए खास खुशी का मौका है। वहीं, दुल्हन शिसु ने भी भारतीय संस्कृति के प्रति अपना लगाव जाहिर किया। उन्होंने कहा कि शादी में इतने सारे भारतीय दोस्तों को देखकर वह बेहद खुश हैं। भारतीय रीति-रिवाजों के बीच विवाह करना उनके लिए यादगार अनुभव है। जापान से आए इस जोड़े की शादी ने दोस्ती की ताकत और संस्कृतियों के मेल की खूबसूरत तस्वीर पेश की। तलाक के बाद दोबारा शुरू हुए रिश्ते को भारतीय परंपराओं के साथ नया नाम मिला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)