जाकिर हुसैन ने ओवैसी परिवार से सवाल किया:कहा- 1968 से राजनीति में सक्रिय परिवार अब मुस्लिम समाज के दरी बिछाने की बात क्यों उठा रहा
गाजीपुर में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय अवाम पार्टी (राष्ट्रीय) ने संगठन मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार दोपहर 2 बजे रौजा स्थित पार्टी कार्यालय में नियुक्ति पत्र वितरण और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गाजीपुर और जौनपुर के नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जाकिर हुसैन उर्फ विक्की ने विपक्षी दलों और ओवैसी परिवार की राजनीति पर सवाल उठाए। बोले- राजनीति वोट बैंक की नहीं, अधिकार और हिस्सेदारी की हो प्रदेश अध्यक्ष जाकिर हुसैन ने कहा कि ओवैसी परिवार 1968 से भारतीय राजनीति में सक्रिय है। इतने लंबे समय तक राजनीति में रहने के बाद अब यह सवाल क्यों उठाया जा रहा है कि मुसलमान केवल दरी बिछाने और पोछा लगाने का काम कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक समझने के बजाय उसकी शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक हिस्सेदारी पर बात होनी चाहिए। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को मुस्लिम समाज के विकास और राजनीतिक भागीदारी का हिसाब देना चाहिए। कांग्रेस से सच्चर समिति, सपा से 18% आरक्षण पर मांगा जवाब विक्की ने कांग्रेस से सच्चर समिति की सिफारिशों और 4.5 प्रतिशत अल्पसंख्यक उप-कोटे की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। वहीं, समाजवादी पार्टी से 18 प्रतिशत आरक्षण के वादे पर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि अब राजनीति केवल वोट बैंक की नहीं, बल्कि अधिकार, सम्मान और हिस्सेदारी की होगी। गाजीपुर-जौनपुर में इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कुँअर नसीम रजा सिकरवार ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए और उन्हें पद की शपथ दिलाई। गाजीपुर में आफताब आलम को जिलाध्यक्ष, सागर सिंह मौर्य और हेलाल अहमद को जिला महासचिव और सलीम अंसारी को नगर अध्यक्ष बनाया गया। वहीं, जौनपुर में अफजल अहमद को जिलाध्यक्ष, जमील अहमद सिद्दीकी को जिला उपाध्यक्ष और शमशुद्दीन शाह कादरी को जिला महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की गईं। शकील अख्तर को वाराणसी मंडल का संगठन सचिव बनाया गया। गांव और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कुँअर नसीम रजा सिकरवार ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से गांव और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष करने की बात कही। नवनियुक्त गाजीपुर जिलाध्यक्ष आफताब आलम ने कहा कि संगठन युवाओं के रोजगार, किसानों की समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जनता के बीच काम करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)