बरेली पुलिस का कबाड़ दुकानों पर बड़ा एक्शन:12 आरोपी गिरफ्तार, कबाड़ की आड़ में बिक रहा था चोरी का सामान
बरेली जिले में चोरी का सामान खरीदने और बेचने वाले कबाड़ियों के खिलाफ पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य के निर्देशों पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान जिले के 7 अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 12 आरोपियों को दबोचा गया है। पुलिस टीमों ने स्क्रैप (कबाड़) की दुकानों, गोदामों और प्रतिष्ठानों का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान कई दुकानों पर बिना बिल-वाउचर और कागजात के चोरी के बिजली के तार, गाड़ियों के इंजन, कटे हुए पार्ट्स, बैटरियां और अन्य उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आंवला में 'शाह ट्रेडर्स' पर छापा, 3 पकड़े गए आंवला पुलिस ने कस्बे में स्थित 'शाह ट्रेडर्स' नाम की कबाड़ दुकान पर चेकिंग की। पुलिस को देखकर भाग रहे 3 लोगों मरदान शाह (58), नियाज (52) और सद्दाम (32) को मौके पर ही दबोच लिया गया। दुकान की तलाशी लेने पर 2 बिजली मीटर, 'SOLAR' लिखा हुआ रोड स्टैंड, कॉपर व सिल्वर के तार, लोहे की मोटर, इंसुलेटर और 22 नट-बोल्ट बरामद हुए। पूछताछ में इन्होंने कबूला कि वे चोरों से सस्ते में सामान खरीदकर उसे गलाते थे और स्वरूप बदलकर महंगे दामों में बेचते थे। अलीगंज में मॉडिफाइड रिक्शा और बाइक पार्ट्स बरामद अलीगंज पुलिस ने विसारतगंज रोड पर बिजली घर के पास से वसीम (26) नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल से बना मॉडिफाइड रिक्शा, 15 बाइक पार्ट्स, 3 अलग-अलग कंपनियों की मोटर टंकियां और 6.400 किलो जला हुआ तांबे का तार बरामद हुआ। आरोपी क्षेत्र में सक्रिय चोरों से औने-पौने दामों में बिना बिल का माल खरीदकर उसे गलाकर ऊंचे दामों पर बेचता था। फरीदपुर में गोदामों से गाड़ियाँ काटने का खुलासा, 3 गिरफ्तार फरीदपुर पुलिस ने बायपास स्थित गोदाम और खाली प्लॉटों पर छापेमारी कर इकबाल (35), लकी (34) और बन्ने (65) को पकड़ा, जबकि बन्ने का बेटा शमी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मौके से HMT ट्रैक्टर इंजन, स्वराज ट्रैक्टर, पानी की मोटर, 4 बैटरियां, 5 ई-रिक्शा चार्जर, 2 मोटरसाइकिलें, गाड़ियों के इंजन और बाइक फ्रेम बरामद हुए। आरोपी पिछले 15 सालों से बिना कागजात के चोरी का सामान खरीदकर किसानों और अन्य लोगों को महंगे दामों में बेच रहे थे। मीरगंज में जंगलों से चोरी बिजली तार और उपकरण मिले ग्राम गुला के जंगलों से हुई बिजली तार चोरी के मामले में मीरगंज पुलिस ने सिधौली-जोनेर रास्ते से हबीब (42) और शखावत (38) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1 बंडल बिजली का तार, 10 पीस आरमर्ड, लाइन स्पेंसर, जिरिंग और अन्य बिजली उपकरण बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह सामान गजेंद्र और समीर नाम के चोरों से खरीदकर खेत में छिपा दिया था, जिसे वे बेचने की फिराक में थे। सिरौली में कबाड़ दुकान से 79 किलो बिजली का तार बरामद सिरौली पुलिस ने गौरी शंकर मंदिर के पास स्थित स्क्रैप दुकान पर दबिश देकर राजू शर्मा (29) और टिंकू (27) को गिरफ्तार किया। दुकान की चेकिंग के दौरान 79.43 किलोग्राम चोरी का सफेद धातु (बिजली) का तार बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह तार अज्ञात लोगों से सस्ते दामों में खरीदा था और मुनाफा कमाने के लिए बेचने जा रहे थे। फतेहगंज पूर्वी में कंडम बाइक काटकर पार्ट्स बेचने वाला धराया फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने पेट्रोल पंप के सामने बाइक रिपेयरिंग व कबाड़ दुकान से शकील (35) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 ग्राइंडर मशीन, बाइक का इंजन, 2 पहिए, 4 शॉकर, बैटरी, हैंडल, चेन, गद्दी, मडगार्ड और अन्य पुर्जे मिले। पूछताछ में शकील ने बताया कि पहले उसकी टीवीएस एजेंसी थी जिसमें घाटा होने पर उसने कबाड़ का काम शुरू किया और कंडम गाड़ियां काटकर पार्ट्स अलग-अलग करके बेच रहा था। भुता में 'राठौड़ एंटरप्राइजेज' पर दबिश, बाइक चेसिस और टंकियां जब्त भुता पुलिस टीम ने राठौड़ एंटरप्राइजेज नामक दुकान पर छापेमारी कर वीरपाल (48), पप्पू (36) और श्रीपाल उर्फ बिल्ला (25) को दबोचा। दुकान के सामने से 1 कटी हुई मोटरसाइकिल, बीच से कटा हुआ चेसिस, 3 अलग-अलग बाइक की पेट्रोल टंकियां और 1 पानी का टिल्लू पंप बरामद हुआ। तीनों आरोपी क्षेत्र के चोरों से सस्ते में सामान खरीदकर उनका स्वरूप बदलते थे और फिर ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा बांटते थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)