बृजभूषण बोले-अखिलेश के अयोध्या दर्शन करने आना कोई गलत नहीं:कुछ सवालों को समय के साथ दफन कर देना चाहिए
गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे देवरिया अलावल गांव में जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद मुस्तकीम के घर पहुंचे। उन्होंने पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर परिजनों को बधाई दी। बृजभूषण शरण सिंह से पूछा गया कि वे ऐसी पार्टी में रहते हुए मुस्लिम परिवार के घर पहुंचे हैं, जिस पर दूसरे समुदाय के लोगों का विरोध करने के आरोप लगते हैं। इस पर उन्होंने कहा, "जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखी तिन तैसी।" उन्होंने कहा कि वह राजनीति के लिए यहां नहीं आए हैं। जरूरी नहीं कि ये लोग उनके साथ रहें, लेकिन जरूरत पड़ने पर साथ देंगे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 नवंबर को अयोध्या दर्शन के लिए आने को लेकर बृजभूषण ने कहा कि यह अच्छा काम है। दर्शन करने आना कोई गलत काम नहीं है। रामभक्तों पर गोली चलाने को लेकर सपा सांसद सनातन पांडेय के बयान पर बृजभूषण ने कहा कि कुछ सवालों को समय के साथ दफन कर देना चाहिए। किसानों को जागरूक करना होगा दीपावली के दौरान प्रदूषण और पराली जलाने के मुद्दे पर बृजभूषण ने कहा कि केवल पंजाब की बात क्यों की जाती है। गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, बलरामपुर और आसपास के जिलों में भी पराली जलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के साथ चार से पांच राज्यों में खुलेआम पराली जलाई जा रही है। उत्तर प्रदेश में तो कानून नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि एक महीने बाद भी पता लगाया जा सकता है कि किस खेत में पराली जलाई गई थी। किसानों को जागरूक करने के साथ उन्हें ऐसे साधन उपलब्ध कराने होंगे, जिनसे खेत की जुताई आसानी से हो सके। किसानों को समझना चाहिए कि पराली जलाने से उनकी जमीन को नुकसान होता है। इससे मिट्टी को उपजाऊ बनाने वाले सूक्ष्मजीव भी नष्ट हो जाते हैं। बृजभूषण ने कहा कि किसानों को समझाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जिन लोगों को इस दिशा में ध्यान देना चाहिए, वे ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने पराली जलाने के मुद्दे पर केवल पंजाब की चर्चा करने के बजाय दूसरे राज्यों की स्थिति पर भी ध्यान देने की बात कही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)