बुलंदशहर में घर में घुसकर परिवार पर हमला:लाठी-डंडे, फावड़े और धारदार हथियार लेकर पहुंचे दबंग
बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धराऊ में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कुछ दबंगों ने एक परिवार के घर में जबरन घुसकर लाठी-डंडों, फावड़े और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है। जिसमें आरोपी हाथों में डंडे लिए घर में घुसने का प्रयास करते और उत्पात मचाते साफ नजर आ रहे हैं। मामले में पीड़ित पक्ष के प्रेमपाल सिंह पुत्र भद्रपाल सिंह (निवासी धराऊ) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 नवंबर की सुबह करीब 11:50 बजे वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही धीरेन्द्र, उसके बेटे नीरज उर्फ टीटू व विक्की, जितेन्द्र सोलंकी के बेटे अरुण उर्फ अन्नी, करण व विजय, राजेश, अजय, मोहित भाटी, अभिषेक और मोहित समेत 10-12 अज्ञात लोगों ने घर के बाहर ही उन पर अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि नीरज ने जान से मारने की नीयत से प्रेमपाल के सिर पर धारदार हथियार से वार किया। जान बचाने के लिए पीड़ित घर के अंदर भागा तो हमलावर भी जबरन घर में घुस आए। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आईं परिवार की महिलाओं और अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा। तहरीर के अनुसार, विक्की और अरुण ने पीड़ित की भाभी सीमा के बाएं हाथ पर धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, विजय ने दूसरी भाभी राजेश के सिर पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। इसके अलावा चाची चन्द्रवती देवी, परिजन मोनू और भतीजे गौरव को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया।वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। वीडियो वायरल होने और पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 11 नामजद और 10-12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)