14 नवंबर को विधानसभा का घेराव करेंगे वकील:कानपुर में पदाधिकारी बोले- 58 जिलों से अधिवक्ता आएंगे, 15 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे

Nov 12, 2026 - 13:45
0
14 नवंबर को विधानसभा का घेराव करेंगे वकील:कानपुर में पदाधिकारी बोले- 58 जिलों से अधिवक्ता आएंगे, 15 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे
प्रदेश की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर अधिवक्ताओं ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। 14 नवंबर को प्रदेशभर के वकील लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे। इसकी शुरुआत जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा से होगी। यहां एकत्र होने के बाद अधिवक्ता पैदल मार्च करते हुए विधानसभा पहुंचेंगे। कानपुर बार एसोसिएशन और लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों का दावा है कि प्रदर्शन में 58 जिलों से हजारों अधिवक्ता शामिल होंगे। गुरुवार को बार एसोसिएशन हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने आंदोलन की रूपरेखा बताई। पदाधिकारियों का कहना है कि दो महीने से हर बुधवार को हड़ताल की जा रही है, लेकिन सरकार ने मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की है। दो महीने से हर बुधवार हो रही हड़ताल बार और लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि अधिवक्ताओं की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपे गए थे। इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी नाराजगी के चलते अब विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया है। आंदोलन की शुरुआत 10 और 11 सितंबर को कानपुर कचहरी में आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन से हुई थी। बार और लॉयर्स एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर हुए इस सम्मेलन में प्रदेशभर के अधिवक्ता शामिल हुए थे। इसमें मांगें पूरी होने तक हर बुधवार न्यायिक कार्य से विरत रहने का फैसला लिया गया था। अधिवक्ताओं की ये हैं प्रमुख मांगें सम्मेलन में अधिवक्ताओं ने कई मांगें उठाई थीं। इनमें अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना, वरिष्ठ अधिवक्ताओं को पेंशन देना और वकीलों से जुड़े मुकदमों को दूसरे जिलों में ट्रांसफर करना शामिल है। इसके अलावा अधिवक्ता कल्याण राशि 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने और हड़ताल के दौरान अंडरटेकिंग नहीं देने की मांग भी शामिल है। लगातार हड़ताल के कारण कचहरी में न्यायिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। इससे वादकारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। गांधी प्रतिमा से विधानसभा तक निकालेंगे पैदल मार्च बार एसोसिएशन के महामंत्री बिनय मिश्रा, लॉयर्स एसोसिएशन के महामंत्री राजीव यादव और बार उपाध्यक्ष मो. तौहीद ने बताया कि घेराव के लिए प्रदेश के सभी बार संघों के पदाधिकारियों से संपर्क किया गया है। उन्होंने आंदोलन को समर्थन मिलने का दावा किया। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को अधिवक्ता लखनऊ के जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर एकत्र होंगे। यहां से पैदल मार्च निकालकर विधानसभा का घेराव करेंगे। पदाधिकारियों के मुताबिक, इसमें प्रदेश के 58 जिलों से हजारों वकील शामिल होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User