भारतीय वोटर ID दिखाकर सीमा पार करने पहुंची इंडोनेशियाई महिला:शक होने पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने की पूछताछ, वोटर ID में नाम ली किम लियन, पासपोर्ट में रोहाना
महराजगंज के भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पर भारतीय पहचान छिपाकर रह रही एक इंडोनेशियाई महिला को पकड़ा गया है। महिला ने इमिग्रेशन अधिकारियों के सामने भारतीय वोटर ID कार्ड दिखाकर एंट्री कराने की कोशिश की। संदेह होने पर अधिकारियों ने पूछताछ की तो उसके पास से इंडोनेशिया का पासपोर्ट मिला। जांच में सामने आया कि महिला ने कथित तौर पर भारतीय पहचान के दस्तावेज भी बनवा रखे थे। इनमें आधार कार्ड और पैन कार्ड शामिल हैं। इसके बाद महिला को आगे की कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वोटर ID में नाम ली किम लियन, पासपोर्ट में रोहाना जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे महिला सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पहुंची थी। उसने अधिकारियों को अपना वोटर ID कार्ड दिखाया। इसमें नाम ली किम लियन और जन्मतिथि 29 जून 1975 दर्ज थी। हालांकि, महिला ठीक से हिंदी नहीं बोल पा रही थी। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद अधिकारियों ने पूछताछ शुरू की। इस दौरान महिला ने अपना इंडोनेशियाई पासपोर्ट दिखाया। पासपोर्ट में उसका नाम रोहाना और जन्मतिथि 20 अक्टूबर 1970 दर्ज मिली। उसके पास 9 नवंबर 2026 तक वैध रोजगार वीजा था। आधार और पैन कार्ड भी बनवाने का आरोप जांच में सामने आया कि महिला ने कथित तौर पर अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर भारतीय दस्तावेज बनवाए थे। इनमें वोटर ID, आधार कार्ड और पैन कार्ड शामिल हैं। इन सभी दस्तावेजों में उसने अपना नाम ली किम लियन और जन्मतिथि 29 जून 1975 दर्ज कराई थी। पुलिस अब इन दस्तावेजों को बनवाने में इस्तेमाल किए गए रिकॉर्ड और प्रक्रिया की भी जांच कर रही है। कोलकाता के बौद्ध केंद्र में अध्यक्ष होने की जानकारी पुलिस पूछताछ में महिला के कोलकाता स्थित फो कुआंग शान कलकत्ता बुद्धिस्ट सेंटर नामक एनजीओ से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि वह इस संस्था में अध्यक्ष के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि महिला लद्दाख निवासी जिगमत पल्जोर के संपर्क में रहकर भारतीय बौद्ध भिक्षुओं की चीन यात्रा के लिए तकनीकी सहायता उपलब्ध कराती थी। पुलिस इस संपर्क और चीन यात्रा से जुड़े पूरे पहलू की भी जांच कर रही है। सोनौली थाने में मुकदमा दर्ज, कई धाराओं में कार्रवाई मामले में सोनौली थाने में 11 नवंबर की रात 11:59 बजे मुकदमा संख्या 109/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2), 336(3), 338 और 340(2) के साथ आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम, 2025 की धारा 22 और 23 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। भारतीय पहचान के दस्तावेज बनवाने से लेकर उसके कथित संपर्कों तक की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)