बुलंदशहर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 302 शादियां:जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद, हर जोड़े को ₹64,000 की आर्थिक मदद मिली

Oct 24, 2026 - 16:48
0
बुलंदशहर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 302 शादियां:जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद, हर जोड़े को ₹64,000 की आर्थिक मदद मिली
बुलंदशहर के नुमाइश ग्राउंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह में कुल 302 नवविवाहित जोड़े (270 हिंदू एवं 32 मुस्लिम जोड़े) पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और अधिक खास बना दिया। ​समारोह में सदर विधायक प्रदीप चौधरी, स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी और सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को पुष्प वर्षा कर उनके सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। देखें, शादी की 10 तस्वीरें… ​सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना का लाभ उठाएं ताकि जरूरतमंद बेटियों के विवाह में आर्थिक बाधा न आए। सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल समाज में समानता, सामाजिक समरसता और बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने 'मिशन शक्ति' के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की भी सराहना की। ​योजना के प्रावधानों के तहत इस भव्य आयोजन में प्रत्येक पात्र नवविवाहित जोड़े को कुल आर्थिक सहायता एवं सामग्री प्रदान की गई। इसके अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को ₹64,000 की नकद धनराशि, ₹21,000 मूल्य की विवाह सामग्री (जैसे वस्त्र, आभूषण व अन्य घरेलू सामान) और ₹15,000 आयोजन संबंधी व्यय के रूप में निर्धारित सहायता सुनिश्चित की जाती है। ​​पूरे आयोजन के दौरान नुमाइश ग्राउंड में नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। यह सामूहिक विवाह योजना न केवल गरीब परिवारों के कंधों से विवाह का आर्थिक बोझ कम कर रही है, बल्कि समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देकर आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल पेश कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User