चौकी इंचार्ज पर अभद्रता का आरोप:लखीमपुर खीरी में युवक ने वीडियो बनाकर दी आत्महत्या की चेतावनी
लखीमपुर खीरी में युवक ने चौकी प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाकर सुसाइड की चेतावनी दी है। उसका कहना है कि चौकी प्रभारी ने उसके साथ अभद्रता की है। पूरा मामला थाना पढुआ की ढखेरवा चौकी क्षेत्र के ग्राम दुलही का है। गांव के दिलीप यादव ने ढखेरवा चौकी इंचार्ज अजय सिंह पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और अपमानित करने का आरोप लगा रहा है। युवक ने वीडियो में यह भी कहा है कि यदि वह आत्महत्या जैसा कदम उठाता है तो इसके लिए दरोगा अजय सिंह जिम्मेदार होंगे। पुलिस के अनुसार दुलही गांव में आबादी की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। एक पक्ष रामखेलावन पुत्र छोटे लाल और दूसरा पक्ष विद्या प्रसाद पुत्र रतनू है। दोनों पक्ष आबादी की जमीन पर अपना-अपना कब्जा होने का दावा कर रहे थे। पढ़ुआ थानाध्यक्ष मोहित पुंडीर ने बताया कि शिकायत पर चौकी इंचार्ज गांव पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। इसके बाद दोनों पक्षों को चौकी बुलाया गया, जहां रामखेलावन पक्ष की ओर से दिलीप यादव भी पहुंचा था। वह चाहता था कि उसी दिन दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाए। इस पर चौकी इंचार्ज ने बताया कि मामला राजस्व विभाग से संबंधित है। इसके लिए थाना दिवस अथवा तहसील दिवस में पहुंचें, जहां पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के माध्यम से समस्या का समाधान कराया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)