थाने जा रहे हेड मोहर्रिर को ट्रक ने मारी टक्कर:फर्रुखाबाद में पहिए के नीचे आया पैर, हालत गंभीर
फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर पांचाल घाट पुल और चाचूपुर के बीच में ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राजेपुर थाने के हेड मोहर्रिर वीरेंद्र कुमार सिंह का एक पैर कुचल गया। उन्हें लोहिया अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। कानपुर नगर के मौजमपुर, ककवन निवासी 46 वर्षीय वीरेंद्र कुमार सिंह राजेपुर थाने में हेड मोहर्रिर हैं। वह पत्नी के साथ कुइयांबूट में किराए के मकान में रहते हैं। शनिवार सुबह वह बाइक से थाने पर जा रहे थे। पांचाल घाट पुल से थोड़ा आगे उनके मोबाइल पर कॉल आई। वह बाइक सड़क किनारे कच्चे हिस्से में रोककर बात करने लगे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। ट्रक का पहिया उनके पैर के ऊपर से निकल गया टक्कर से वीरेंद्र सड़क पर गिर गए और ट्रक का पहिया उनके पैर के ऊपर से निकल गया। राहगीरों ने उन्हें देखा और परिजन को सूचना दी। डायल 112 की पुलिस भी मौके पर पहुंची। उन्हें एंबुलेंस से दोपहर करीब 12 बजे लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने सर्जन को बुलाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया गया कि वह थाने में करीब एक वर्ष से तैनात थे। लोहिया अस्पताल में पति की हालत देखकर मुंशी की पत्नी सरिता बेहाल हो गई। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने उनको संभाला। जानकारी पर राजेपुर थानाध्यक्ष अजब सिंह भी अस्पताल में पहुंचे। राजेपुर थानाध्यक्ष ने बताया हेड मोहर्रिर बाइक से थाने आ रहे थे। इस दौरान पांचाल घाट पुल के आगे सड़क किनारे कच्ची मिट्टी पर बाइक पर बैठे किसी से मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए उन्हें लोहिया अस्पताल ले जाया गया। वहां से हायर सेंटर रेफर किया गया है। बताया गया कि जिस ट्रक ने टक्कर मारी थी। उसे ट्रक को शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज में पुलिस ने पकड़ लिया। राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची है और ट्रक को थाने लेकर आ रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)