शिवसेना शिंदे गुट यूपी चुनाव में हिंदुत्व का मुद्दा उठाएगी:अभिजीत बोले- मथुरा-काशी पार्टी के एजेंडे में, इसी पर लड़ेंगे चुनाव
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी के बाद अब शिवसेना का एकनाथ शिंदे गुट भी हिंदुत्व के मुद्दे को लेकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। बीजेपी जहां 'राधे-राधे कमल खिला दें' के नारे के साथ मथुरा के मुद्दे को चुनावी एजेंडे में शामिल कर रही है, वहीं शिवसेना शिंदे गुट ने भी साफ कर दिया है कि मथुरा और काशी उसके लिए हमेशा से हिंदुत्व के प्रमुख मुद्दे रहे हैं और आगे भी रहेंगे। शिवसेना शिंदे गुट के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसुल चुनावी तैयारियों के सिलसिले में संगम नगरी प्रयागराज पहुंचे। इस दौरान उनसे सवाल किया गया कि बीजेपी साफ हिंदुत्व और मथुरा के मुद्दे को लेकर चुनावी बिगुल फूंक रही है। ऐसे में शिवसेना का क्या रुख रहेगा? इस पर उन्होंने कहा कि शिवसेना ने हमेशा हिंदुत्व के मुद्दे पर काम किया है। मथुरा हो या काशी, ये पार्टी के हमेशा से प्रमुख मुद्दे रहे हैं। पार्टी आगे भी हिंदुत्व के एजेंडे पर ही आगे बढ़ेगी। अभिजीत अडसुल ने अपने बयान में शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे का जिक्र करते हुए कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस के समय जब कोई नेता सामने आकर जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं था, तब बालासाहेब ठाकरे ने कहा था कि अगर बाबरी शिवसैनिकों ने गिराई है तो उन्हें इस पर गर्व है। उन्होंने कहा कि उस समय बालासाहेब ठाकरे ने खुलकर हिंदुत्व के पक्ष में अपनी बात रखी थी। उन्होंने अमरनाथ यात्रा का भी उदाहरण दिया। अडसुल के मुताबिक, आतंकवादी हमले के बाद जब अमरनाथ यात्रा बंद करने की बात आई थी, तब बालासाहेब ठाकरे ने यात्रा शुरू नहीं होने पर हज के लिए मुंबई से विमान नहीं जाने देने की बात कही थी। कैप्टन अभिजीत अडसुल ने कहा कि शिवसेना का हिंदुत्व का मुद्दा पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी रहेगा। मथुरा और काशी को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट है। शिवसेना हिंदुत्व के मुद्दे पर अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)