चेयरमैन ने सरकारी पोल पर कटआउट लगाने से रोका:उन्नाव में कहा- दोबारा लगाए तो फिर हटवाऊंगा, पूर्व सपा प्रत्याशी बोले- जनाधार रोकने की साजिश

Nov 06, 2026 - 10:47
0
चेयरमैन ने सरकारी पोल पर कटआउट लगाने से रोका:उन्नाव में कहा- दोबारा लगाए तो फिर हटवाऊंगा, पूर्व सपा प्रत्याशी बोले- जनाधार रोकने की साजिश
उन्नाव के पुरवा विधानसभा क्षेत्र में 2027 चुनाव से पहले पोस्टर को लेकर विवाद शुरू हो गया है। मौरावां नगर पंचायत में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी उत्तम चंद्र लोधी के कटआउट हटवाए गए। नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर विवेक सेठ ने कहा कि सरकारी पोल पर दोबारा कटआउट लगाए गए तो फिर हटवाएंगे। शुक्रवार को उत्तम चंद्र ने कटआउट हटवाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने इसे अपना बढ़ता जनाधार रोकने की कोशिश बताया। कुछ दिन पहले उन्होंने पुरवा विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के लिए छोटे पोस्टर और कटआउट लगवाए थे। बुधवार को उन्हें पता चला कि मौरावां नगर पंचायत क्षेत्र से उनके कटआउट हटवा दिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इसे किस तरह की हरकत कहें। उन्होंने सवाल किया कि क्या होर्डिंग और पोस्टर हटवाकर किसी का बढ़ता जनाधार रोका जा सकता है? कुंवर विवेक सेठ ने वीडियो जारी कर जवाब दिया कि राज्यसभा सांसद संजय सेठ ने मौरावां में मुख्य मार्ग के किनारे स्ट्रीट लाइट के साथ पोल लगवाए हैं। उन्हीं पोल पर उत्तम चंद्र और एक अन्य व्यक्ति के कटआउट लगाए गए थे। चेयरमैन के मुताबिक, कटआउट लगाने के दौरान स्ट्रीट लाइटों की वायरिंग क्षतिग्रस्त हुई। एक पोल हिलने से उस पर लगी लाइट नीचे गिरकर टूट गई। उन्होंने कहा कि उत्तम चंद्र पेशे से अधिवक्ता हैं और लखनऊ में रहते हैं। उनके मुताबिक, नगर निकाय क्षेत्र में सरकारी संपत्ति पर विज्ञापन या प्रचार सामग्री लगाने के लिए पहले अनुमति लेना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तम चंद्र ने बिना अनुमति कटआउट लगवाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User