छठ तक रेलवे चलाएगा 214 स्पेशल ट्रेनें:गोरखपुर समेत 4 स्टेशनों पर बढ़ेगी सुरक्षा; CCTV से होगी निगरानी

Nov 12, 2026 - 06:17
0
छठ तक रेलवे चलाएगा 214 स्पेशल ट्रेनें:गोरखपुर समेत 4 स्टेशनों पर बढ़ेगी सुरक्षा; CCTV से होगी निगरानी
छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने इस बार विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यापक व्यवस्था की है। यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 214 स्पेशल ट्रेनें नोटिफाई की गई हैं। ये ट्रेनें 2044 फेरों में चलाई जा रही हैं। इनमें 43 ट्रेनें ऐसी हैं, जो पूर्वोत्तर रेलवे के अलग-अलग स्टेशनों से शुरू होंगी, जबकि बाकी ट्रेनें पासिंग स्पेशल के रूप में विभिन्न महानगरों और प्रमुख शहरों को जोड़ेंगी। रेलवे का दावा है कि इन ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों के लिए प्रमुख गंतव्यों तक पहुंचने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण की विशेष योजना लागू की गई है। पूर्वोत्तर रेलवे के चार स्टेशनों गोरखपुर जंक्शन, छपरा, बनारस और लखनऊ जंक्शन को इसके लिए चिह्नित किया गया है। इन स्टेशनों पर अतिरिक्त यात्री होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं, ताकि ट्रेन के इंतजार में यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न लगानी पड़े। गोरखपुर स्टेशन पर चार होल्डिंग एरिया, तीन हजार यात्रियों के ठहरने की क्षमता छठ पर यात्रियों की सबसे अधिक आवाजाही को देखते हुए गोरखपुर जंक्शन पर चार यात्री होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। इनमें तीन होल्डिंग एरिया प्लेटफॉर्म नंबर एक से सटे हुए हैं, जबकि चौथा प्लेटफॉर्म नंबर नौ की तरफ बनाया गया है। सभी होल्डिंग एरिया को मिलाकर एक साथ करीब ढाई से तीन हजार यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इन होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए कई इंतजाम किए गए हैं। यहां पीने के पानी, मोबाइल चार्जिंग के लिए सॉकेट और कूलर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यात्रियों की मदद के लिए सहायता डेस्क बनाई गई है, जहां उन्हें जरूरी जानकारी के साथ टिकट संबंधी सुविधा भी मिल सकेगी। बड़ी एलईडी स्क्रीन पर मिलेगी ट्रेनों की जानकारी होल्डिंग एरिया में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। इनके माध्यम से ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इससे यात्रियों को अपनी ट्रेन के प्लेटफॉर्म और समय की जानकारी लेने में आसानी होगी। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को ट्रेन के आने से पहले ही होल्डिंग एरिया में व्यवस्थित तरीके से रखा जाए और जरूरत के अनुसार प्लेटफॉर्म पर भेजा जाए। चार स्टेशनों पर बढ़ेगी सुरक्षा, अतिरिक्त सीसीटीवी से निगरानी भीड़ को नियंत्रित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ जवानों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसके साथ ही अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि स्टेशन परिसर और यात्री होल्डिंग एरिया की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए रेलवे कर्मचारी भी तैनात रहेंगे। ट्रेनों में पटाखे लेकर सफर न करें यात्री सीपीआरओ सुमित कुमार ने दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों से ट्रेनों में पटाखे लेकर यात्रा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पटाखे ज्वलनशील होते हैं और ट्रेन मेंइन्हें ले जाने से आग लगने जैसी दुर्घटना हो सकती है। जांच के दौरान पटाखे लेकर यात्रा करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। रेलवे ने यात्रियों से सुरक्षित यात्रा और नियमों का पालन करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User