चर्चित विनोद साहनी हत्याकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने 54 दिन बाद पकड़ा, परिजन बोले- अब तक न मुआवजा मिला, न नौकरी

Nov 03, 2026 - 18:47
0
चर्चित विनोद साहनी हत्याकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने 54 दिन बाद पकड़ा, परिजन बोले- अब तक न मुआवजा मिला, न नौकरी
गोंडा में पुलिस ने विनोद साहनी हत्याकांड के आरोपी आलोक सिंह उर्फ आकाश सिंह को मंगलवार शाम 5:40 बजे गिरफ्तार किया। वह 54 दिन से फरार था। पुलिस ने उसे गोंडा की अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आलोक की तलाश में गोंडा, लखनऊ, बाराबंकी और दिल्ली समेत कई जगहों पर छापेमारी की थी। उसने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन अदालत ने जमानत देने से इनकार कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। 9 सितंबर को विनोद साहनी अपनी बर्तन की दुकान बंद करके जा रहे थे, तभी आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी थी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 10 सितंबर को लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। विनोद की मौत के बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद लखनऊ में धरने पर बैठे थे। परसपुर थाना अध्यक्ष और शाहपुर चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया था। 11 सितंबर को डॉ. निषाद गोंडा पहुंचे और पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने धरना दिया। परसपुर पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। कांग्रेस नेता अजय राय को बाराबंकी में हिरासत में लेकर गोंडा नहीं आने दिया गया था। भीम आर्मी के सदस्यों और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को भी गोंडा में पीड़ित परिजनों से मिलने नहीं दिया गया था। पीड़ित परिजनों ने मुआवजा और नौकरी नहीं मिलने की बात कही। उनका कहना है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है, लेकिन मंत्री संजय निषाद के सामने जो आश्वासन दिया गया था, वह अब तक पूरा नहीं हुआ है। परिवार को न तो मुआवजा मिला और न ही नौकरी दी गई। परिजनों ने कहा कि काफी दिनों तक उनके घर पर पुलिस तैनात रही। उस दौरान लोग मदद के लिए घर आना चाहते थे, लेकिन अब जब कोई मदद के लिए नहीं आ रहा है तो घर पर पुलिस भी मौजूद नहीं है। परसपुर थाना अध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User