CM ने पूरी की ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया:बोले-जनगणना केवल आबादी की गिनती नहीं, बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार

Nov 20, 2026 - 00:03
0
CM ने पूरी की ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया:बोले-जनगणना केवल आबादी की गिनती नहीं, बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार
जनगणना 2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत जारी स्व-गणना अभियान में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर उन्होंने 30 नवंबर तक चलने वाली ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया में सभी नागरिकों से हिस्सेदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आबादी की गिनती नहीं है बल्कि बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित अपने आवास पर प्रदेश में जारी ऑनलाइन जनगणना के दूसरे चरण के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एनुमेरेशन) का ऑनलाइन फॉर्म भरा। मुख्यमंत्री ने स्व-गणना पोर्टल पर जाकर समस्त प्रश्नावली (40 प्रश्न) के सापेक्ष अपनी जानकारी दर्ज की। उन्होंने सभी कॉलम को पूर्ण किया। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस प्रक्रिया में सहभागिता दर्ज कराने की अपील की। इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘स्व-गणना राष्ट्रीय कार्य है। आज (गुरुवार) को गोरखपुर में 'जनगणना-2027' के अंतर्गत अपनी स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण की। जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि हर नागरिक की आवश्यकताओं, आकांक्षाओं और बेहतर भविष्य की योजनाओं का आधार है। सभी सम्मानित उत्तर प्रदेश वासियों से अपील है कि इसमें बढ़-चढ़कर भाग लें और विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के इस महत्वपूर्ण कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।’ इस अवसर पर प्रदेश की मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा, उपनिदेशक डा. गौरव पांडेय आदि उपस्थित रहे। 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, अभियान में जुटे हैं 6 लाख कर्मचारी मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर के बीच स्वगणना पोर्टल पर प्रपत्र के अनुरूप अपना पूरा और विस्तृत ब्यौरा दर्ज करें। इसके उपरांत दिसंबर माह में जनगणना 2027 की टीमें घर घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पूरी ईमानदारी के साथ सही और सटीक जानकारी देनी चाहिए। इस महाअभियान में छह लाख कर्मचारी जुटे हुए हैं। जनगणना से प्राप्त युवा, महिला, व्यापारी, किसान और समाज के विभिन्न तबकों का सटीक डेटा उनके समग्र विकास की कार्ययोजना बनाने और नीतियों को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायक होगा। विकसित भारत और विकसित यूपी के निर्माण का संकल्प मुख्यमंत्री ने स्वगणना को राष्ट्रीय कर्तव्य बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनगणना से मिले आंकड़े देश और प्रदेश के विकास को नई दिशा देते हैं और इनके आधार पर समाज के प्रत्येक वर्ग की जरूरतों को समझकर कल्याणकारी योजनाएं तैयार की जाती हैं। मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 का करें उपयोग जनगणना के साथ ही मुख्यमंत्री ने 17 नवंबर से प्रारंभ हुए विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान को लेकर भी नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहले आम चुनाव से ही मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) की कार्रवाई होती रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची को ध्यान से देखें और नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6, नाम हटाने या काटने के लिए फॉर्म 7 तथा नाम ट्रांसफर कराने के लिए फॉर्म 8 का उपयोग कर अपने राष्ट्रीय कर्तव्य का निर्वहन करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User