देव दीपावली की तैयारियों को लेकर नगर निगम सख्त:नगर आयुक्त बोले - होगा भव्य आयोजन, लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी
वाराणसी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली पर्व को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहार की तैयारियों में किसी भी स्तर पर कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान कहीं भी खामी पाई गई, तो संबंधित क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जमीनी हकीकत परखने के निर्देश
बैठक में नगर आयुक्त ने अधिकारियों को नसीहत दी कि वे केवल कागजी बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि खुद फील्ड में उतरकर जमीनी हकीकत का जायजा लें। उन्होंने निर्देश दिया कि शहर के सभी घाटों और उन्हें आपस में जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इन मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो, जलभराव, पाइपलाइन लीकेज या अतिक्रमण जैसी समस्याएं बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। घाटों पर बेहतर साफ-सफाई और रोशनी की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पहले ही नोडल अधिकारियों की तैनाती की जा चुकी है, जिन्हें समय रहते सभी कमियों को दुरुस्त करने को कहा गया है। जल निगम को कड़ी चेतावनी, रामकुंड की दीवार होगी दुरुस्त
समीक्षा बैठक के दौरान नगर आयुक्त के निशाने पर विशेष रूप से जल निगम के अधिकारी रहे। उन्होंने जल निगम को कड़ी चेतावनी देते हुए पर्व के दौरान निर्बाध जलापूर्ति और सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, किसी भी संभावित दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचने के लिए रामकुंड की जर्जर हो चुकी दीवार की तत्काल प्रभाव से मरम्मत कराने का आदेश दिया। नगर आयुक्त ने जोर देकर कहा कि सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि काशी आने वाले देश-विदेश के लाखों पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)