झांसी-ललितपुर रेलखंड पर मानक कवच प्रणाली शुरू:झांसी से ललितपुर के मध्य 90 किमी में लगाए 1,437 RFID टैग
झांसी-ललितपुर रेलखंड के 90 किमी हिस्से में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को ‘मानक कवच’ प्रणाली शुरू की गई। इस दौरान रेलखंड पर 1,437 RFID टैग लगाए गए। झांसी रेल मंडल के PRO मनोज कुमार ने यह जानकारी दोपहर 12:40 बजे दी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन और मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में परियोजना इकाई, झांसी ने यह काम पूरा किया। RFID टैग ट्रेन की स्थिति और पहचान से जुड़ी जानकारी कवच प्रणाली तक पहुंचाते हैं। ‘मानक कवच’ स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) प्रणाली है। इसका मकसद मानवीय गलती की स्थिति में ट्रेन परिचालन को सुरक्षित रखना है। यह लोको पायलट को सुरक्षा सहायता देती है और अलग-अलग स्थितियों में ट्रेन की गति नियंत्रित कर सकती है। प्रणाली के सुरक्षा लाभों में आमने-सामने और पीछे से होने वाली टक्कर से बचाव, ट्रेन के अपने आप चल पड़ने से सुरक्षा और ट्रेन के रुके रहने पर सुरक्षा शामिल है। ट्रेन परिचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (छोड़कर)-ललितपुर (छोड़कर) सेक्शन में यह झांसी मंडल की कवच प्रणाली की तीसरी कमीशनिंग है। रेलवे के मुताबिक, इससे इस रेलखंड पर ट्रेन परिचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ेगी। परियोजना को पूरा करने में सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग, परियोजना इकाई झांसी और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों ने योगदान दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)