डीआरएम ने लखनऊ-अयोध्या-कटरा रेलखंड का किया निरीक्षण:अयोध्या धाम और कैंट स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की परखी हकीकत, निर्माण कार्य समय से पूरा करने के निर्देश
अयोध्या के रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए गुरुवार को उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा ने लखनऊ-अयोध्या-कटरा रेलखंड का निरीक्षण किया। उन्होंने अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया। निरीक्षण की शुरुआत अयोध्या कैंट स्टेशन से पहले स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से गुजरने वाली रेल लाइनों के निरीक्षण से हुई। डीआरएम ने रेल पटरियों और उनसे जुड़ी संरचनाओं की स्थिति देखी। इसके बाद वह कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां स्टेशन मास्टर कक्ष में रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारु संचालन के साथ कर्मचारियों के कार्यों की भी समीक्षा की। वॉशरूम से पार्किंग तक देखीं व्यवस्थाएं इसके बाद डीआरएम अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। सभी वॉशरूम, पार्किंग स्थल, यात्री होल्डिंग एरिया और प्रतीक्षालय की स्थिति देखी। साफ-सफाई और रखरखाव का जायजा लिया। यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की। स्टेशन पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। अधिकारियों से पूछा कि काम किस स्तर पर पहुंचा है और उन्हें पूरा करने की समय-सीमा क्या है। उन्होंने यात्री सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। वाशिंग लाइन और कोचिंग कॉम्प्लेक्स की देखी प्रगति अयोध्या कैंट स्टेशन पर डीआरएम ने नई वाशिंग लाइन, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। डीआरएम ने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)