दीपावली की छुट्टियों के बाद खुला CCSU कैंपस:बीएड काउंटर पर लगी लंबी कतारें, महीनों पहले आवेदन करने के बाद भी नहीं मिली डिग्री

Nov 16, 2026 - 17:29
0
दीपावली की छुट्टियों के बाद खुला CCSU कैंपस:बीएड काउंटर पर लगी लंबी कतारें, महीनों पहले आवेदन करने के बाद भी नहीं मिली डिग्री
दीपावली की छुट्टियों के बाद सोमवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का कैंपस खुलते ही छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे ज्यादा भीड़ बीएड काउंटर पर देखने को मिली। यहां टीजीटी भर्ती के लिए आवेदन करने वाले छात्र अपनी डिग्री और मार्कशीट लेने पहुंचे थे। सुबह से ही काउंटर पर लंबी कतारें लगी रहीं। लेकिन यहां सिर्फ दो कर्मचारी ही तैनात मिले। इसके चलते छात्रों को घंटों इंतजार करना पड़ा। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत दूरदराज के इलाकों से आए छात्रों का कहना है कि उन्होंने कई महीने पहले डिग्री और मार्कशीट के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक उन्हें डाक्यूमेंट्स नहीं मिले हैं। छात्रों के मुताबिक, नियमानुसार आवेदन के दो दिन के अंदर डिग्री का वेरिफिकेशन हो जाना चाहिए, लेकिन महीनों बीतने के बाद भी उनकी डिग्रियां पेंडिंग हैं। टीजीटी भर्ती के आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण छात्रों की परेशानी और बढ़ गई है। दो काउंटर और अतिरिक्त कर्मचारियों की मांग छात्रों की परेशानी की जानकारी मिलने पर पूर्व महामंत्री अंकित अधाना भी बीएड काउंटर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक और असिस्टेंट रजिस्ट्रार (गोपनीय) के सामने मामला उठाया। उन्होंने सवाल किया कि एक डिग्री का वेरिफिकेशन करने में आखिर कितना समय लगता है और महीनों से डिग्रियां पेंडिंग क्यों पड़ी हैं। जब पोर्टल पर ही डाक्यूमेंट्स अटके रहेंगे, तो छात्रों को समय पर डिग्री और मार्कशीट कैसे मिलेंगी। उन्होंने मांग की कि टीजीटी आवेदन की अंतिम तिथि तक काउंटर पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए। साथ ही दो अलग काउंटर भी बनाए जाएं, ताकि छात्रों को लंबी कतारों में न लगना पड़े। पेंडिंग डिग्रियों का जल्द वेरिफिकेशन कर मार्कशीट भी तत्काल उपलब्ध कराई जाए। कॉलेजों को नहीं भेजी जा रहीं अपडेट मार्कशीट अंकित अधाना ने कहा कि विश्वविद्यालय में डिग्री और मार्कशीट से जुड़ी व्यवस्था में सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। छात्रों को अपनी मार्कशीट लेने के लिए खुद विश्वविद्यालय आना पड़ता है, जबकि यह उन्हें सीधे कॉलेज से मिलनी चाहिए। कार्यपरिषद की बैठक में भी अपडेट मार्कशीट कॉलेजों को भेजने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने मांग की कि छात्र सहायता केंद्र से आवेदन करने वाले छात्रों को एक हफ्ते के अंदर मार्कशीट उपलब्ध कराई जाए। इससे दूर से आने वाले छात्रों को बार-बार विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User