दंपति की हत्या, 2 साल की बेटी की हालत नाजुक:पति के शरीर पर मिले 7 घाव; बच्ची की गर्दन की हड्डी टूटी, सैफई में चल रहा इलाज
कन्नौज के गुरसहायगंज में घर के अंदर पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पति के शरीर पर 7 जगह घाव मिले हैं। वहीं, हमले में गंभीर रूप से घायल उनकी 2 साल की बेटी की हालत नाजुक बनी हुई है। उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं और गर्दन के पीछे की हड्डी टूट गई है। इटावा के सैफई मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है। जान बचाने के लिए उसे ब्लड चढ़ाया जा रहा है। वारदात गुरुवार की है। सुबह जब देरतक घर का दरवाजा नहीं खुला तो एक रिश्तेदार ने छत पर चढ़कर अंदर देखा। अंदर कमरे में पति और पत्नी के शव पड़े मिले। बच्ची भी गंभीर हालत में पास में पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो देखा पत्नी का शव तख्त पर और पति का शव चारपाई पर था। पत्नी के गले में रस्सी का फंदा कसा था, जबकि पति के सिर और माथे पर गंभीर चोटें थीं। शुक्रवार दोपहर दंपति का अंतिम संस्कार जलेसर घाट पर किया जाएगा। परिवार और रिश्तेदार तैयारी में जुटे हैं। उधर, पुलिस वारदात का खुलासा करने के लिए घटनास्थल के आसपास सक्रिय रहे मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। कानपुर जोन के डीआईजी ने खुलासे के लिए 5 टीमें लगाई हैं। घर में दो दरवाजे, एक पर ताला और दूसरे की कुंडी अंदर से बंद थी संजीव कुमार (35) और शिखा (32) मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के पखनाविहार गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में 7 साल का बेटा प्रत्यांश और 2 साल की बेटी वान्या है। दोनों गुरसहायगंज कस्बे के रेलवे रोड स्थित पुरानी पीएचसी परिसर के सरकारी क्वार्टर में रहते थे। अस्पताल अब तिर्वा रोड स्थित नए भवन में शिफ्ट हो चुका है। पुलिस के मुताबिक, संजीव की मां किसुमा देवी पीएचसी में दाई का काम करती थीं। उनकी मौत के बाद शिखा यह काम करने लगी थीं। मकान में आने-जाने के लिए दो दरवाजे हैं। इनमें एक पर ताला लगा था, जबकि दूसरे की कुंडी अंदर से बंद थी। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में बाहरी व्यक्ति के घर में आने की संभावना कम लग रही है। हालांकि, जिस तरह से दोनों के शव मिले हैं, उससे हत्या की आशंका है। बेटा रिश्तेदारी में गया था, घर पर थे दंपति और बेटी बुधवार को संजीव और शिखा अपनी बेटी वान्या के साथ घर पर थे। उनका बेटा प्रत्यांश रिश्तेदारी में गया हुआ था। गुरुवार सुबह तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो गुरसहायगंज में रहने वाले उनके रिश्तेदार शिव ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला तो वह छत पर चढ़कर अंदर देखने लगे। कमरे में संजीव और शिखा के शव पड़े दिखाई दिए। बच्ची भी गंभीर हालत में पड़ी थी। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया। आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुई। परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, किया हंगामा घटना की जानकारी मिलते ही फर्रुखाबाद से संजीव के परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस ने दोनों के शव वहां से हटवा दिए थे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस पर पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं और कुछ देर में उन्हें दिखाया जाएगा। इसके बाद परिजन शांत हुए। रेलवे स्टेशन की तरफ भी खुलता है पीएचसी का गेट पुरानी पीएचसी परिसर का एक गेट गुरसहायगंज रेलवे स्टेशन की तरफ भी खुलता है। वहां चाय-पानी की दुकान है, जहां देर रात तक लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी अराजकतत्व ने वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि, पुलिस की जांच में अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। संजीव के फुफेरे भाई ज्योतिष ने बताया कि संजीव का किसी से कोई झगड़ा या पुरानी रंजिश नहीं थी। परिवार के लोग भी इस बात से हैरान हैं कि आखिर किसने और क्यों दोनों की हत्या की। मोबाइल नंबर ट्रेस कर संदिग्धों की तलाश पुलिस के मुताबिक, वारदात के खुलासे के लिए घटनास्थल के आसपास रात के समय सक्रिय रहे मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। इनके जरिए संदिग्धों की लोकेशन पता लगाने की कोशिश हो रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कानपुर जोन के डीआईजी यमुना प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली और वारदात के खुलासे के लिए 5 टीमें गठित कीं। डीआईजी ने जल्द घटना का खुलासा करने की बात कही। शुक्रवार दोपहर होगा अंतिम संस्कार संजीव के परिचित अमन कठेरिया ने बताया कि संजीव और शिखा का शुक्रवार दोपहर जलेसर घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार के लोग और रिश्तेदार इसकी तैयारी में जुटे हैं। अमन के मुताबिक, शुक्रवार सुबह तक पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। परिजनों को भी जांच के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। --------------------------- ये खबर भी पढ़ेंः- प्रेमिका के पिता ने प्रेमी के ताऊ को मार डाला:बदायूं में बेटों के साथ मिलकर फावड़े से किया हमला, बेटी के साथ न चलने से नाराज थे बदायूं में गुरुवार को प्रेमी के ताऊ की प्रेमिका के पिता समेत 5 लोगों ने मिलकर हत्या कर दी। शाम करीब 6 बजे प्रेमी का ताऊ अवधेश घर से थोड़ी दूर स्थित घेर (द्वार) की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान प्रेमिका के पिता समेत 5 लोग वहां पहुंच गए। आरोपियों और अवधेश के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने फावड़े और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अवधेश जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घेर से कुछ ही दूरी पर काम कर रहे उनके पिता ने चीख सुनी तो मौके पर पहुंचे। वहां अवधेश लहूलुहान हालत में पड़े थे। उन्होंने परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। पढ़ें पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)