एएमयू चुनाव का शक्ति प्रदर्शन कल:कल फाइनल स्पीच में गूंजेंगे चुनावी मुद्दे, यूनियन हॉल में तैयारियां तेज, प्रत्याशी रखेंगे अपनी बात

Nov 02, 2026 - 15:50
0
एएमयू चुनाव का शक्ति प्रदर्शन कल:कल फाइनल स्पीच में गूंजेंगे चुनावी मुद्दे, यूनियन हॉल में तैयारियां तेज, प्रत्याशी रखेंगे अपनी बात
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्रसंघ चुनाव में अब सबसे अहम मुकाबले का मंच सजने लगा है। मंगलवार को होने वाली फाइनल स्पीच के लिए यूनियन हॉल की छत पर मंच तैयार किया जा रहा है। सामने और दोनों तरफ श्रोताओं के बैठने के लिए पंडाल बनाया जा रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। मंगलवार को होने वाला मतदान से पहले का यह आयोजन प्रत्याशियों के लिए अपनी बात रखने और चुनावी एजेंडा सामने रखने का बड़ा अवसर होगा। एएमयू छात्रसंघ चुनाव की परंपरा में फाइनल स्पीच को बेहद महत्वपूर्ण स्थान हासिल है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद के प्रत्याशी यूनियन हॉल की छत से विद्यार्थियों को संबोधित करते हैं। इस दौरान वे विश्वविद्यालय, छात्रहित, छात्रसंघ की भूमिका और अपने चुनावी मुद्दों को सामने रखते हैं। उनके भाषण के जरिए श्रोता यह समझने की कोशिश करते हैं कि प्रत्याशी किन सवालों को लेकर चुनाव मैदान में है और निर्वाचित होने पर किन मुद्दों पर काम करने का दावा कर रहा है। इस बार भाषण का विषय राष्ट्र निर्माण इस बार निर्वाचन आयोग की ओर से फाइनल स्पीच के लिए 'राष्ट्र निर्माण में छात्रसंघ और छात्र नेताओं की भूमिका' विषय निर्धारित किया गया है। यानी प्रत्याशियों को केवल विश्वविद्यालय और छात्र राजनीति तक अपनी बात सीमित नहीं रखनी होगी, बल्कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं और छात्र नेतृत्व की भूमिका पर भी विचार रखने होंगे। प्रत्याशी इसी विषय के इर्द-गिर्द अपने भाषण तैयार करने में जुटे हैं। पांच मिनट बाद बजेगा अलार्म, एक मिनट में समेटनी होगी बात फाइनल स्पीच के लिए प्रत्येक प्रत्याशी को 5+1 मिनट का समय दिया गया है। पांच मिनट पूरे होते ही अलार्म बजने लगेगा। इसके बाद प्रत्याशी को अतिरिक्त एक मिनट में अपना भाषण समाप्त करना होगा। समय की यह सीमा भी प्रत्याशियों के सामने चुनौती रहेगी। उन्हें सीमित समय में अपने मुद्दे, विचार और चुनावी प्राथमिकताएं प्रभावशाली ढंग से विद्यार्थियों तक पहुंचानी होंगी। भाषण से बनेगी प्रत्याशियों की चुनावी छवि इस आयोजन में सिर्फ भाषण नहीं होंगे, बल्कि प्रत्याशियों के चुनावी एजेंडे और विचारों की भी परीक्षा होगी। श्रोता उनके तर्क, मुद्दों की स्पष्टता, अभिव्यक्ति और विद्यार्थियों से जुड़े सवालों पर उनके नजरिए को सुनेंगे। फाइनल स्पीच के बाद कैंपस में प्रत्याशियों के भाषणों और उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चर्चा भी तेज होने की संभावना है। यही वजह है कि सभी दावेदार अपने भाषण को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अगुवाई में व्यवस्थाएं आयोजन में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए निर्वाचन अधिकारियों की टीम व्यवस्थाओं में जुटी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. जावेद तालिब की अगुवाई में मंच, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन सोमवार दोपहर दो बजे शुरू होगा। एएमयू में फाइनल स्पीच के दौरान हर बार बड़ी संख्या में विद्यार्थी जुटते हैं। इस बार भी आयोजन में भारी भीड़ पहुंचने की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User