सोनभद्र CDO ने जिला अस्पताल में दिया बेटे को जन्म:UPSC-2020 में दूसरी रैंक आई थी, पत्नी के साथ पहुंचे DM, बच्चे को दिया आशीर्वाद
सोनभद्र की मुख्य विकास अधिकारी (CDO) IAS जागृति अवस्थी ने जिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (MCH विंग) में बेटे को जन्म दिया। एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी होने के बावजूद उन्होंने प्रसव के लिए निजी अस्पताल के बजाय सरकारी अस्पताल को चुना। उनके इस फैसले को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसे के संदेश के रूप में देखा जा रहा है। DM पत्नी के साथ अस्पताल पहुंचे CDO के बेटे के जन्म की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ अपनी पत्नी और IFS अधिकारी आरुषि मिश्रा के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने नवजात को आशीर्वाद दिया और जागृति अवस्थी व उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अस्पताल में खुशी का माहौल रहा। UPSC में हासिल की थी दूसरी रैंक जागृति अवस्थी ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2020 में ऑल इंडिया दूसरी रैंक हासिल की थी। इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़कर उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की थी। पहले प्रयास में सफलता नहीं मिली, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया। जमीनी स्तर पर काम करने के लिए चर्चा में रहती हैं जागृति अवस्थी अपनी कार्यशैली को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। विकास योजनाओं की हकीकत जानने के लिए वह दुर्गम गांवों तक पहुंचती हैं। कई बार ट्रैक्टर से गांवों में जाकर उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनी हैं। उनके सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने के फैसले को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, यह भी अहम है कि जिला अस्पताल में आम मरीजों और गर्भवती महिलाओं को भी बेहतर चिकित्सकीय देखभाल और सुरक्षित प्रसव की सुविधाएं आसानी से मिलें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)