एशियन गेम्स पदक विजेता किरण पर 8 साल का बैन:मेरठ की शॉटपुट खिलाड़ी किरण बालियान पर नाडा ने की कार्रवाई

Nov 19, 2026 - 22:25
0
एशियन गेम्स पदक विजेता किरण पर 8 साल का बैन:मेरठ की शॉटपुट खिलाड़ी किरण बालियान पर नाडा ने की कार्रवाई
एशियन गेम्स में शॉटपुट में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली मेरठ की एथलीट किरण बालियान पर राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने आठ साल का बैन लगा दिया है। डोपिंग टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ मिलने और डोप नियंत्रण प्रक्रिया में छेड़छाड़ के आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है। नाडा की ओर से बुधवार को जारी 532 प्रतिबंधित खिलाड़ियों की सूची में किरण का नाम भी शामिल है। उन पर यह प्रतिबंध 4 जुलाई 2024 से प्रभावी माना गया है और 3 जुलाई 2032 तक लागू रहेगा। इस दौरान वह किसी भी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगी। आठ साल के प्रतिबंध से उनके खेल कॅरिअर पर बड़ा असर पड़ना तय है। डोप टेस्ट में मिला प्रतिबंधित पदार्थ, तीन नियमों के उल्लंघन का आरोप नाडा की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, किरण बालियान पर डोपिंग रोधी नियमों के तीन प्रावधानों के उल्लंघन का मामला बना है। इनमें शरीर में प्रतिबंधित पदार्थ की मौजूदगी, उसके इस्तेमाल या इस्तेमाल के प्रयास और डोप नियंत्रण प्रक्रिया में छेड़छाड़ शामिल हैं। वर्ष 2024 में लिए गए उनके डोपिंग नमूने में मेटेंडिएनोन नाम का प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया था। यह एनाबॉलिक स्टेरॉयड की श्रेणी में आता है। इसके अलावा डोप नियंत्रण के दौरान नमूने से छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया गया है। सितंबर 2024 में किया था अस्थायी निलंबन प्रतिबंधित पदार्थ मिलने के बाद सितंबर 2024 में नाडा ने किरण को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था। इसके बाद मामले की जांच और अनुशासनात्मक प्रक्रिया चली। अब नाडा ने आठ साल के प्रतिबंध का फैसला किया है। बुधवार को जारी सूची में कई खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं, जिन पर नए सिरे से प्रतिबंध लगाया गया है या पहले से लगे प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई गई है। इसी सूची में किरण बालियान भी शामिल हैं। हाईकोर्ट में कार्रवाई को दी थी चुनौती किरण ने वर्ष 2025 में दिल्ली हाईकोर्ट में नाडा की कार्रवाई को चुनौती दी थी। उन्होंने अपनी दलील में कहा था कि नमूने के कंटेनर को छूना अनजाने में हुआ था और उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल डोप नियंत्रण अधिकारी को दे दी थी। उन्होंने बिना देरी किए नया नमूना भी दिया था। किरण की ओर से अनुशासनात्मक सुनवाई में गवाहों को बुलाने की मांग भी की गई थी, लेकिन पैनल ने इसे स्वीकार नहीं किया। एशियन गेम्स में कांस्य जीतकर बनाई थी पहचान किरण बालियान ने वर्ष 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियन गेम्स में शॉटपुट स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। वह एशियन गेम्स में शॉटपुट में पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला बनी थीं। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2023 की राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और 2024 फेडरेशन कप में रजत पदक हासिल किया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली किरण पर अब आठ साल का प्रतिबंध लगने से उनके खेल भविष्य पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User