एसटीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई:मेरठ से कुख्यात खटारू गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में मेरठ के थाना सदर बाजार क्षेत्र से कुख्यात खटारू गैंग के 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह जम्मू-कश्मीर में रंगदारी, डकैती, जमीन हड़पने, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर मामलों में आरोपी थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सौरभ गुप्ता,गौरव गुप्ता, रोहित बालोतरा निवासी विजयपुर, सांबा जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं। इसके साथ भी माज कुरैशी निवासी सोतीगंज मेरठ का रहने वाला है। आरोपियों के पास से 04 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप भी बरामद किया गया है। वर्चस्व को लेकर थी लड़ाई इस सिंडिकेट को मुख्य रूप से सुमित तंदियाल उर्फ खटारू (निवासी विजयपुर, सांबा) चलाता था, जिसकी 21 जनवरी 2025 को जम्मू के ज्वैल चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके भाई सौरभ गुप्ता और अन्य साथी मिलकर इसे ऑपरेट करते थे। इन दोनों भाइयों पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। खटारू गैंग की दुश्मनी लंबे समय से विक्की खौफ गैंग और विकास सलाथिया के ग्रुप से वर्चस्व को लेकर चली आ रही है। पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच कई हिंसक झड़पें और हत्याएँ हो चुकी हैं। पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया था सुमित तंदियाल की हत्या के बाद सौरभ गुप्ता की मुलाकात बागपत के आशु पंडित से हुई थी, जिसने उसे मेरठ में किराए के मकान में शरण दिलाई थी। इसके अलावा, कुरुक्षेत्र जेल में गौरव गुप्ता की पहचान मेरठ के मोहसिन से हुई थी, जिसके जरिए माज कुरैशी ने इन अपराधियों को बिना पुलिस वेरिफिकेशन के अपने घर पर शरण दी थी। गिरफ्तार अभियुक्त सौरभ गुप्ता, गौरव गुप्ता और रोहित बलोत्रा थाना विजयपुर (सांबा) में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमों में भी वांछित चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, आगे की विधिक कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा की जा रही है। मेरठ में छुपे थे 22 अक्टूबर 2026 को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले की पुलिस से सूचना मिली थी कि गंभीर अपराधों में संलिप्त खटारू गैंग के अपराधी मेरठ में छिपकर रह रहे हैं। इसके आधार पर एसटीएफ मेरठ इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने कार्रवाई शुरू की। सूचना मिलने पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के डिप्टी एसपी अतहर बख्शी के नेतृत्व में टीम मेरठ पहुँची। 02 नवंबर 2026 को एसटीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेरठ के सोतीगंज मोहल्ले से इन चारों आरोपियों को दबोच लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)