गांव के मैदान से राष्ट्रपति भवन तक का सफर:गाजीपुर के राजकुमार पाल को अर्जुन पुरस्कार, पेरिस ओलंपिक में जीत चुके हैं ब्रॉन्ज

Nov 13, 2026 - 15:02
0
गांव के मैदान से राष्ट्रपति भवन तक का सफर:गाजीपुर के राजकुमार पाल को अर्जुन पुरस्कार, पेरिस ओलंपिक में जीत चुके हैं ब्रॉन्ज
जिले के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को शुक्रवार को देश के प्रतिष्ठित 'अर्जुन पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें यह सम्मान दिया। इसके साथ ही राजकुमार अर्जुन पुरस्कार हासिल करने वाले गाजीपुर जनपद के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। सम्मान मिलने की खबर मिलते ही उनके पैतृक क्षेत्र और करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में जश्न का माहौल है। पिता के निधन के बाद मां ने की परवरिश राजकुमार पाल का शुरुआती जीवन बेहद संघर्षपूर्ण रहा है। बचपन में ही एक सड़क हादसे में उनके पिता कल्पनाथ का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी मां मनरागी देवी ने कड़ी मेहनत से तीनों बेटों की परवरिश की। 10 साल की उम्र में शुरू किया खेलना घर में दोनों बड़े भाइयों को हॉकी खेलते देख राजकुमार ने भी महज 10 साल की उम्र में हॉकी स्टिक थाम ली। उन्होंने करमपुर के मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में दिवंगत प्रशिक्षक तेज बहादुर सिंह से खेल की बारीकियां सीखीं। सीमित संसाधनों के बीच वर्षों तक कड़ा अभ्यास करने के बाद 2018 में वे राष्ट्रीय कैंप तक पहुंचे और 2020 में भारतीय सीनियर हॉकी टीम में पदार्पण किया। पेरिस ओलंपिक में जीता कांस्य पदक भारतीय टीम में बतौर मिडफील्डर खेलने वाले राजकुमार ने 2024 के पेरिस ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया और कांस्य पदक जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा रहे। इसके अलावा वे एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर ओलंपिक पदक और अब अर्जुन पुरस्कार हासिल करने तक का उनका सफर जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी मिसाल बन गया है। उनकी इस उपलब्धि ने करमपुर ही नहीं, बल्कि पूरे गाजीपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। पूर्व सांसद बोले- करमपुर स्टेडियम के लिए यह दूसरा अर्जुन अवॉर्ड मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम के संरक्षक एवं पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने राजकुमार की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे करमपुर के लिए बेहद गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम से अर्जुन पुरस्कार पाने वाले राजकुमार दूसरे खिलाड़ी हैं, इससे पहले ललित कुमार उपाध्याय को यह सम्मान मिल चुका है। उन्होंने कहा कि राजकुमार ने साबित कर दिया कि उचित अवसर मिलने पर ग्रामीण प्रतिभाएं भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक सकती हैं। पूर्व सांसद ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार भी जताया। वहीं, कोच इंद्रदेव राजभर ने कहा कि अपने शिष्य को राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होते देखना उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है, जिसकी खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User