घाघरा बैराज के पास लापता युवक का शव मिला:बहराइच में एक दिन पहले घर से निकले थे, बैराज से 200 मीटर दूर मिली लाश
बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र में घाघरा बैराज से लापता 40 वर्षीय सदानंद का शव करीब 20 घंटे बाद मिला। वह सोमवार सुबह घर से बैराज जाने की बात कहकर निकले थे। मंगलवार सुबह 8 बजे उनका शव बैराज से करीब 200 मीटर दूर नदी में उतराता मिला। ग्राम पंचायत चहलवा के सिरसिन पुरवा निवासी सदानंद पुत्र धनीराम सोमवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकले थे। देर शाम तक नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बैराज के गेट नंबर चार के पास उनकी चप्पल, जाल और मछली रखने वाला झोला मिला। डाउन स्ट्रीम की तरफ उनकी बाइक भी खड़ी मिली। इसके बाद लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब 20 घंटे बाद मंगलवार सुबह उनका शव पानी में उतराता दिखाई दिया। मौके पर पहुंचे पूर्व प्रधान जाहिद खान के मुताबिक, सदानंद शौच के लिए नदी किनारे गए थे। इस दौरान पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। सदानंद गांव में दर्जी का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी दुक्खा देवी, 10 वर्षीय बेटी प्रियांशी और 5 वर्षीय बेटा कार्तिक हैं। सूचना मिलने पर सुजौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष राम गोविंद वर्मा ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)