घर में घुसकर दंपति से मारपीट का आरोप:शिकायत देकर लौट रही महिला को फिर धमकी, जालौन में पुलिस जांच कर रही
जालौन कोतवाली नगर के घुआताल मोहल्ले में शनिवार देर रात घर में घुसकर दंपति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घुआताल मोहल्ला निवासी मुस्कान पत्नी राज वर्मा ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शनिवार देर रात मोहल्ले के सोनू पुत्र सुरेश, विकास पुत्र कल्लू और दो अज्ञात व्यक्ति शराब के नशे में उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके और उसके पति के साथ मारपीट की। घर से बाहर ले जाकर भी पीटा पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसे घर से बाहर ले जाकर भी पीटा। घटना के बाद वह शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची और पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। रास्ते में रोककर दोबारा धमकाने का आरोप महिला ने आरोप लगाया कि कोतवाली से लौटते समय रास्ते में विकास और कुछ अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। इस दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि अभी तो कम मारा है, अभी और मारेंगे। इस घटना से पीड़िता और उसका परिवार भयभीत है। पुलिस कर रही मामले की जांच पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। जालौन कोतवाली प्रभारी हरिशंकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)