अमेरिका के कैलिफोर्निया में 5.0 तीव्रता का भूकंप:दुकानों में सामान और लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट की छत से टाइलें गिरीं; रिफाइनरी में आग की लपटें उठीं

Nov 29, 2026 - 04:14
0
अमेरिका के कैलिफोर्निया में 5.0 तीव्रता का भूकंप:दुकानों में सामान और लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट की छत से टाइलें गिरीं; रिफाइनरी में आग की लपटें उठीं
अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार को 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। लॉस एंजिलिस इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) के एक टर्मिनल की छत से टाइलें गिर गईं। सांता मोनिका में लोग डरकर दुकानों से बाहर निकल आए। भूकंप के कुछ देर बाद लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट के पास स्थित शेवरॉन की एल सेगुंडो रिफाइनरी से आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया। इससे लोगों में घबराहट फैल गई। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह भूकंप से लगी आग नहीं थी, बल्कि रिफाइनरी में सुरक्षा प्रक्रिया के तहत अतिरिक्त गैस को जलाया जा रहा था। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप सुबह करीब 9:30 बजे मैनहट्टन बीच से लगभग 6km दूर समुद्र में आया। इसका केंद्र जमीन से करीब 12km की गहराई में था। 45 मिनट में कई आफ्टरशॉक आए मुख्य भूकंप के बाद करीब 45 मिनट में कम तीव्रता के कई झटके महसूस किए गए। इनमें एक झटका 3.7 तीव्रता का था। भूकंप का असर पासाडेना तक महसूस हुआ, जो इसके केंद्र से करीब 43 किलोमीटर दूर है। लॉस एंजिलिस फायर डिपार्टमेंट ने भूकंप के बाद अपना इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय कर दिया। शहर के सभी 106 फायर स्टेशनों के कर्मचारियों को संभावित नुकसान का जायजा लेने के लिए तैनात किया गया। फायर डिपार्टमेंट की प्रवक्ता लिंडसे लैंट्ज के मुताबिक, शुरुआती जांच में किसी के घायल होने या इमारतों को बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली। रिफाइनरी में सुरक्षा के तहत जलाई गई गैस एल सेगुंडो शहर प्रशासन ने बताया कि शेवरॉन रिफाइनरी में सुरक्षा के लिए गैस जलाई जा रही थी। कंपनी के मुताबिक, भूकंप जैसी स्थिति में प्लांट के उपकरण अपने आप बंद हो जाते हैं। इस दौरान अतिरिक्त गैस को नियंत्रित तरीके से जलाया जाता है। इस रिफाइनरी से दक्षिणी कैलिफोर्निया के करीब 20% वाहनों के ईंधन और 40% जेट फ्यूल की आपूर्ति होती है। अक्टूबर 2025 में भी यहां आग लगने की घटना हुई थी। सुनामी का खतरा नहीं, लोगों को सतर्क रहने की सलाह लॉस एंजिलिस की मेयर करेन बैस ने बताया कि शुरुआती जांच में बड़े नुकसान की खबर नहीं है। उन्होंने लोगों को संभावित आफ्टरशॉक से सावधान रहने और भूकंप के दौरान सुरक्षित जगह पर छिपने की सलाह दी। अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी स्पष्ट किया कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है। कैलिफोर्निया के आपातकालीन सेवा विभाग ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर स्थिति का आकलन शुरू कर दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User