गोंडा में नर्सिंग छात्रों ने गोंडा-लखनऊ हाईवे जाम किया:छात्रों बोले- INC से 40 सीटों का मान्यता 80 सीटों पर एडमिशन
अक्सर सुर्खियों में रहने वाला गोंडा जिले का एससीपीएम मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में घिर गया है। आज सोमवार को दोपहर 3 बजे से ही कॉलेज के नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गोंडा-लखनऊ हाईवे जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज को इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) से केवल 40 सीटों पर दाखिले की मान्यता प्राप्त है, लेकिन प्रबंधन द्वारा 80 सीटों पर एडमिशन लिया जा रहा है। दोपहर 3 बजे से ही नर्सिंग छात्र-छात्राएं हाईवे पर उतर आए और करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने झूठ बोलकर उनका दाखिला लिया है। इससे भविष्य में उन्हें नौकरी और प्लेसमेंट मिलने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। सूचना मिलने पर कॉलेज प्रशासन और नगर कोतवाल मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शन कर रहे छात्र भानु मिश्रा ने बताया कि कॉलेज को आईएनसी (INC) से केवल 40 सीटों की अनुमति मिली है, फिर भी 80 सीटों पर प्रवेश लिया गया है। ऐसे में 40 छात्रों को ही आईएनसी से मान्यता प्राप्त सर्टिफिकेट मिलेगा, जबकि शेष छात्रों को अन्य माध्यम से सर्टिफिकेट दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "कॉलेज प्रशासन ने हमें गुमराह किया है। हमने आईएनसी की मान्यता के आधार पर दाखिला लिया था, इसलिए हमें सेंट्रल लेवल (INC अप्रूव्ड) का ही सर्टिफिकेट चाहिए, न कि स्टेट लेवल का। यदि हमें उत्तर प्रदेश से बाहर नौकरी करनी होगी, तो स्टेट सर्टिफिकेट से काफी दिक्कतें आएंगी।" वहीं, इस पूरे मामले पर कॉलेज के डायरेक्टर अजिताभ दुबे ने सफाई देते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा छात्रों को भ्रमित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2017 के बाद से कॉलेज में दाखिले काउंसलिंग के माध्यम से होते हैं और सीटों का निर्धारण कॉलेज प्रशासन नहीं करता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रों की समस्याओं को सुना जा रहा है और उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)