सांसद से जुड़े मामले में हाईकोर्ट में नई कानूनी लड़ाई:अलीगढ़ सांसद के खिलाफ याचिका दायर,अग्रिम कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखी गई पत्रावली
भाजपा सांसद सतीश गौतम से जुड़े एक आपराधिक मामले ने अब इलाहाबाद हाईकोर्ट में दस्तक दी है। सांसद के खिलाफ परिवाद खारिज होने और उसके बाद निचली अदालत से आपराधिक निगरानी (रिवीजन) भी खारिज होने के बाद शिकायतकर्ता पंडित केशव देव गौतम ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सोमवार, 23 नवंबर को हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए पत्रावली सुरक्षित रख ली गई। फिलहाल हाईकोर्ट की वेबसाइट पर केस का स्टेटस पेंडिंग और स्टेज 'न्यूली फ्रेश' दर्ज है। 13 नवंबर को दाखिल हुई याचिका हाईकोर्ट में यह मामला संविधान के अनुच्छेद 227 के तहत दाखिल किया गया है। केस संख्या 16812/2026 है। याचिका 13 नवंबर को दाखिल हुई थी और 21 नवंबर को पंजीकृत हुई। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार के साथ अलीगढ़ के सांसद सतीश कुमार गौतम को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ता केशव देव गौतम की ओर से अधिवक्ता वीरेंद्र प्रताप पाल पैरवी कर रहे हैं। याचिका एमपी/एमएलए से संबंधित आपराधिक विविध याचिका की श्रेणी में दर्ज है। पहले निचली अदालत से नहीं मिली थी राहत इस मामले में केशव देव गौतम ने सांसद सतीश गौतम के खिलाफ परिवाद दाखिल किया था। मजिस्ट्रेट अदालत ने 17 जुलाई 2026 को परिवाद खारिज कर दिया था। इसके खिलाफ उन्होंने विशेष एमपी-एमएलए न्यायालय में आपराधिक निगरानी दाखिल की। 28 अक्टूबर को विशेष अदालत ने इसे भी खारिज कर दिया। अदालत ने शिकायत और परिवादी के बयानों में विरोधाभास तथा सांसद से कथित रूप से जुड़े लोगों के संबंध में ठोस साक्ष्य नहीं होने को आधार बनाया था। इसके बाद केशव देव गौतम ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। 2023 में धमकी और फायरिंग के लगाए थे आरोप शिकायतकर्ता के आरोपों के मुताबिक, 3 और 4 अक्टूबर 2023 को उन्हें डराने-धमकाने के लिए कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि इन लोगों ने खुद को सांसद की ओर से भेजा गया बताया था। इसके बाद 2 नवंबर 2023 को उनके घर पर गोलीबारी कराई गई। केशव देव गौतम का दावा है कि इस घटना में वह और उनके परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए थे। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम में सांसद की भूमिका होने का आरोप लगाया है। हालांकि, ये आरोप हैं, जिन्हें अदालत में साबित किया जाना बाकी है। कौन हैं याचिकाकर्ता पंडित केशव देव गौतम अलीगढ़ लोकसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी रह चुके हैं। वह भ्रष्टाचार विरोधी सेना और राष्ट्रीय सनातन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। सांसद सतीश गौतम के खिलाफ यह मामला उनके द्वारा दाखिल परिवाद से शुरू हुआ था। अब निचली अदालतों में राहत नहीं मिलने के बाद हाईकोर्ट में दाखिल याचिका पर आगे की न्यायिक कार्रवाई का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)