कार सवारों ने सीएनजी पंप पर कर्मियों को पीटा:हरदोई में गाड़ी से उतारने पर विवाद, एक का सिर फटा; FIR

Nov 23, 2026 - 15:57
0
कार सवारों ने सीएनजी पंप पर कर्मियों को पीटा:हरदोई में गाड़ी से उतारने पर विवाद, एक का सिर फटा; FIR
हरदोई के कछौना कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात सीएनजी पंप पर कार सवारों को नीचे उतारने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवारों ने पंप कर्मियों के साथ मारपीट की, जिसमें एक कर्मचारी का सिर फट गया, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार रात 9:14 बजे तीन नामजद सगे भाइयों और पांच अज्ञात के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच कर रही है। कार सवारों को नीचे उतरने के लिए कहा तो हुआ विवाद बघौली थाना क्षेत्र के नेवदा मजरा पुरवा निवासी जगलर पासी भीरीघाट स्थित केदारनाथ फिलिंग स्टेशन पर काम करते हैं। तहरीर के अनुसार, 22 नवंबर की शाम करीब 7:45 बजे वह सीएनजी पंप पर मौजूद थे। इसी दौरान कछौना के समसापुर निवासी प्रभाकर कार से सीएनजी भरवाने पहुंचा। जगलर ने सुरक्षा के लिहाज से कार में बैठे लोगों को नीचे उतरने के लिए कहा और इसके बाद ही सीएनजी भरने की बात कही। आरोप है कि इस पर प्रभाकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने फोन करके अपने भाइयों दिवाकर और सत्यम को बुला लिया। उनके साथ पांच अज्ञात लोग भी मौके पर पहुंच गए और पंप कर्मियों से मारपीट करने लगे। ईंट मारने से एक कर्मचारी का सिर फटा शोर सुनकर वहां काम करने वाले अरुण कुमार, जितेंद्र रैदास और नवीन गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान प्रभाकर ने ईंट उठाकर त्यौरी निवासी वैभव सिंह के सिर पर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। मारपीट में अरुण कुमार और जितेंद्र को भी चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर जाते समय जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इसके बाद कछौना कोतवाली में प्रभाकर, दिवाकर, सत्यम और पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User