गोंडा में परीक्षा केंद्रों पर 125 आपत्तियां:बृजभूषण के कॉलेज को भी नहीं मिली जगह, प्रिंसिपल ने दिया आवेदन
गोंडा में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए प्रस्तावित केंद्रों की सूची पर 125 आपत्तियां आई हैं। आपत्तियां दर्ज कराने की समय-सीमा गुरुवार सुबह 10 बजे समाप्त हो गई। अब जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय इनकी जांच कर निस्तारण करेगा। इसके बाद ही परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इस बार जिले में 125 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि पिछले साल 151 केंद्र बनाए गए थे। प्रस्तावित केंद्रों को लेकर परीक्षार्थियों के घर से 15 से 20 किलोमीटर दूर केंद्र पड़ने, रेलवे क्रॉसिंग पर जाम और आवागमन के साधनों की कमी जैसी समस्याएं उठाई गई हैं। छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर भी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। बृजभूषण के क्षेत्र के कॉलेज ने भी मांगा केंद्र प्रस्तावित सूची में कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के आवास के पास स्थित विपिन बिहारी शशि भूषण आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, विश्नोहरपुर को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। इस पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रत्यावेदन सौंपा है। प्रधानाचार्य ने प्रत्यावेदन में कहा है कि विद्यालय पिछले वर्षों में लगातार परीक्षा केंद्र बनता रहा है। छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार भी विद्यालय को केंद्र बनाया जाए, ताकि उन्हें दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक न जाना पड़े। जांच के बाद जारी होगी अंतिम सूची जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों को लेकर निर्धारित समय-सीमा तक ऑनलाइन आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनका विवरण निकालकर जांच कराई जा रही है। सभी आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि अंतिम निर्णय से पहले पुलिस विभाग और संबंधित मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट भी शामिल की जाएगी। ऐसे विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जहां परीक्षार्थियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों और परीक्षा नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)