गोंडा पुलिस ने गोरखपुर को हराकर जीती ट्रॉफी:अंतर्जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता का महराजगंज में समापन, अरविंद राय बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
महराजगंज में शुक्रवार को गोरखपुर जोन की अंतर्जनपदीय पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हुआ। पुलिस लाइन के मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में गोंडा पुलिस लाइन की टीम ने गोरखपुर पुलिस लाइन को 110 रन से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। पिछले साल गोंडा को हराकर गोरखपुर की टीम विजेता बनी थी। इस बार गोंडा ने जीत दर्ज कर पिछली हार का बदला लिया। फाइनल मुकाबले में गोंडा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने 20 ओवर में 183 रन बनाए। बल्लेबाज अमित कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें प्रतियोगिता का बेस्ट बैट्समैन चुना गया। 184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की टीम गोंडा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 73 रन पर सिमट गई। इस तरह गोंडा ने 110 रन से जीत दर्ज की। फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाले रिशेंद्र शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन और नेतृत्व के लिए गोंडा टीम के कप्तान अरविंद राय को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ। पुलिस अधिकारियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से पुलिसकर्मियों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना बढ़ती है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल भावना की भी सराहना की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)