रहीमाबाद में टप्पेबाजों ने बुजुर्ग महिला के कुंडल ठगे:तंत्र-मंत्र का झांसा देकर कागज में टॉफी थमाई, बाइक से आए थे

Nov 13, 2026 - 20:35
0
रहीमाबाद में टप्पेबाजों ने बुजुर्ग महिला के कुंडल ठगे:तंत्र-मंत्र का झांसा देकर कागज में टॉफी थमाई, बाइक से आए थे
लखनऊ के रहीमाबाद में टप्पेबाजों ने तंत्र-मंत्र का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बना लिया। आरोपियों ने महिला को बातों में उलझाकर उसके कानों से करीब चार ग्राम सोने के कुंडल उतरवा लिए और उन्हें कागज में एक टॉफी लपेटकर थमा दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घर पहुंचकर महिला ने कागज की पुड़िया खोली तो उसमें सोने के कुंडलों की जगह टॉफी मिली। पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पास में लगे सीसीटीवी में कैद हुए अज्ञात दो बाइक सवार बदमाश। पढ़िए पूरी खबर… रहीमाबाद थाना क्षेत्र के जिंदौर गांव निवासी पुतानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को उनकी करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग मां रबी आधार कार्ड की फोटो कॉपी कराने के लिए रहीमाबाद बाजार गई थीं। दोपहर करीब 12 बजे के बीच रहीमाबाद में लगने वाली साप्ताहिक बाजार में उन्हें एक व्यक्ति मिला। उसने उनकी मां से कहा कि वह काफी परेशान दिखाई दे रही हैं। बेटे के शादी का दिया झांसा इसके बाद उन्हें अपनी बातों में उलझाते हुए एक अन्य व्यक्ति को भी बुला लिया। आरोप है कि दोनों व्यक्ति बुजुर्ग महिला को बहलाकर बाजार में एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां आरोपियों ने तंत्र-मंत्र का झांसा देकर बुजुर्ग महिला के बेटे की शादी कराने के नाम पर उनकी मां के कानों से करीब चार ग्राम सोने के कुंडल उतरवा लिए। इसके बाद कुंडलों को कागज में लपेटकर महिला को देते हुए कहा कि घर पहुंचकर गंगाजल छिड़कने के बाद ही इसे खोलना। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग आरोपियों की बातों में आकर महिला पुड़िया लेकर घर पहुंच गई। जब उन्होंने कागज खोला तो उसमें सोने के कुंडलों की जगह बच्चों के खाने वाली टॉफी मिली। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित बेटे ने रहीमाबाद थाने पहुंचकर अज्ञात टप्पेबाजों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणनायक ने बताया कि मामले जानकारी हुई है, आसपास लगे सीसीटीवी के माध्यम से अज्ञात बदमाशों की तलाश की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User