गोरखपुर आएगी भारत निर्वाचन आयोग की टीम:बूथों का ब्यौरा जुटा रहा प्रशासन; सुविधाओं की होगी जांच
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी महीने भारत निर्वाचन आयोग की टीम गोरखपुर का दौरा करेगी। इसको लेकर प्रशासन ने बूथों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। निर्वाचन आयोग की टीम वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेगी। इसे देखते हुए प्रशासन वहां सुविधाओं की पड़ताल करा रहा है। जहां पहुंच मार्ग नहीं है, वहां रास्ते का इंतजाम किया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य सुविधाओं की समीक्षा भी की जा रही है।
मतदान केंद्रों की स्थिति से लेकर संवेदनशील और अराजकता की आशंका वाले बूथों तक का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। प्रशासन का जोर चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही मतदान की तैयारियों को समय रहते दुरुस्त करने पर है। इस सिलसिले में डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डा.कौस्तुभ प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक भी कर चुके हैं। डीएम ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में संवेदनशील, क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों को चिह्नित कर उनकी अलग-अलग सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान जिन मतदान केंद्रों पर विवाद, मारपीट, हंगामा या अन्य अराजकता की घटनाएं हुई थीं, उनकी भी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। ऐसे बूथों की मौजूदा स्थिति का आकलन कर यह भी पता लगाया जाएगा कि वहां दोबारा किसी तरह की समस्या की आशंका तो नहीं है। प्रशासन की ओर से सिर्फ संवेदनशील बूथों की सूची तैयार नहीं की जा रही, बल्कि वहां तक पहुंचने के रास्तों और उपलब्ध सुविधाओं की भी पड़ताल हो रही है। मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति, आवागमन में आने वाली दिक्कतों और जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय से बूथवार रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसका उद्देश्य आयोग की टीम के सामने जिले की चुनावी तैयारियों और संभावित चुनौतियों की स्पष्ट तस्वीर रखना है। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गए हैं, उनके कारणों की विधानसभा क्षेत्र और बूथवार जानकारी जुटाई जाए। केवल आंकड़े जुटाने के बजाय वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाए, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
मतदाता सूची का 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाना है। चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने का कार्यक्रम है।
एक जनवरी 27 को 18 वर्ष पूरी करने वाले भी बन सकेंगे वोटर डीएम ने निर्देश दिया कि जिन पात्र लोगों के नाम सूची में नहीं हैं, उनसे फार्म-6 भरवाकर नाम जुड़वाया जाए। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराया जाए। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करने की जिम्मेदारी दी गई है। छूटे हुए मतदाताओं की पहचान के लिए पंचायत और नगरीय निकाय की मतदाता सूचियों से भी मिलान किया जाएगा। महिलाओं और युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। बूथों के पुनर्समायोजन के बाद जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 4018 से घटकर 4000 हो गई है। निर्वाचन आयोग से नई व्यवस्था को मंजूरी भी मिल चुकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)