गोरखपुर में आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे श्रद्धालु:दुल्हन की तरह सजाए गए 327 घाट; सुबह से गूंज रहा छठी मईया का गीत

Nov 15, 2026 - 06:13
0
गोरखपुर में आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे श्रद्धालु:दुल्हन की तरह सजाए गए 327 घाट; सुबह से गूंज रहा छठी मईया का गीत
गोरखपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पर आज यानी रविवार को शहर के 327 घाटों पर श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। व्रती पूरे परिवार के साथ नदी, तालाब और पोखरों के किनारे पहुंचकर पूजा अर्चना करते हैं। व्रती बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना सहित अन्य पूजन सामग्री रखकर पानी में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना करेंगे। सूर्यास्त के समय जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने सभी घाटों पर सफाई, पेयजल, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। इसके बाद सोमवार यानी 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इस बार नगर निगम क्षेत्र में जोनवार कुल 327 घाट और पूजा स्थल बनाए गए हैं। वहीं, शहर के 159 स्थानों पर छठी मइया की प्रतिमाएं और पंडाल स्थापित किए गए हैं। इनमें कोतवाली सर्किल के तीन थाना क्षेत्रों में 44, कैंट सर्किल के चार थाना क्षेत्रों में 65 और गोरखनाथ सर्किल के तीन थाना क्षेत्रों में 50 प्रतिमाएं शामिल हैं। शनिवार रात तक राजघाट के गुरु गोरक्षनाथ घाट, रामघाट, एकला बांध, मानसरोवर पोखरा, भीम सरोवर और रामगढ़ताल समेत सभी प्रमुख घाटों को आकर्षक ढंग से सजा दिया गया। घाटों पर सुबह से बज रहे भक्ति गीत महापर्व को लेकर शहर में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल है। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। परिवार के साथ पूजा की तैयारियों में जुटे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार देर रात तक घाटों पर सजावट और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाता रहा। राजघाट स्थित गुरु गोरक्षनाथ घाट, रामघाट, एकला बांध, मानसरोवर पोखरा, भीम सरोवर, रामगढ़ताल के नौकायन क्षेत्र और महेसरा पुल समेत प्रमुख पूजा स्थलों पर आकर्षक सजावट की गई है। जोनवार तय की गई घाटों की जिम्मेदारी नगर निगम ने 327 घाटों और पूजा स्थलों की व्यवस्था के लिए जोनवार जिम्मेदारियां तय की हैं। इसके तहत जोन एक में 58, जोन दो में 24, जोन तीन में 24, जोन चार में 69 और जोन पांच में सबसे अधिक 152 घाट और पूजा स्थल शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारियों को घाटों के साथ आसपास के रास्तों और पूजा स्थलों की सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पूजा के दौरान किसी भी घाट पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों को भी लगाया जाएगा। घाटों पर रखे गए डस्टबिन, सफाई कर्मचारियों की रहेगी ड्यूटी छठ पूजा के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए नगर निगम ने कचरा प्रबंधन की व्यवस्था भी की है। सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखे गए हैं, ताकि पूजा सामग्री और अन्य कचरा इधर-उधर न फैले। घाटों पर सफाई कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी लगाई गई है। सुपरवाइजरों को सफाई व्यवस्था की निगरानी करने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट और पानी के टैंकर घाटों पर पहुंचने वाली व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। इसके साथ ही मोबाइल टॉयलेट और पेयजल के लिए पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए गए हैं। घाटों पर आकर्षक सजावट के साथ पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि शाम को संध्या अर्घ्य और सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान रोशनी की कमी न हो। शहर में 159 स्थानों पर स्थापित हुईं छठी मइया की प्रतिमाएं दुर्गा पूजा और दीपावली के बाद अब शहर में छठी मइया की प्रतिमाओं और पंडालों की संख्या भी बढ़ रही है। इस बार नगर क्षेत्र में कुल 159 स्थानों पर छठी मइया की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पुलिस विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, कोतवाली सर्किल के तीन थाना क्षेत्रों में 44 प्रतिमाएं स्थापित हुई हैं। इनमें कोतवाली क्षेत्र में 13, राजघाट में 17 और तिवारीपुर में 14 प्रतिमाएं शामिल हैं। वहीं, कैंट सर्किल के चार थाना क्षेत्रों में सबसे अधिक 65 प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इनमें कैंट क्षेत्र में 7, खोराबार में 22, रामगढ़ताल में 15 और एम्स क्षेत्र में 21 प्रतिमाएं शामिल हैं। इसके अलावा गोरखनाथ सर्किल के तीन थाना क्षेत्रों में 50 प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इनमें गोरखनाथ में 16, शाहपुर में 16 और गुलरिहा क्षेत्र में 18 प्रतिमाएं हैं। इस तरह शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थापित 159 प्रतिमाओं और पंडालों में श्रद्धालु छठी मइया की आराधना कर रहे हैं। घाटों से लेकर पूजा पंडालों तक महापर्व की रौनक दिखाई दे रही है। रविवार शाम संध्या अर्घ्य के बाद सोमवार सुबह उषा अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User