गोवंश का शव दो दिन सड़क किनारे पड़ा रहा:गौ रक्षक टीम ने कराया अंतिम संस्कार, एनएचएआई पर लापरवाही का आरोप
बागपत। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गोवंश के शव को लेकर एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक गोवंश की मौत हो गई। आरोप है कि एनएचएआई कर्मियों ने जेसीबी की मदद से शव को एक्सप्रेसवे से हटाकर सड़क किनारे डाल दिया, लेकिन उसका अंतिम संस्कार कराने की जहमत नहीं उठाई। इसके चलते गोवंश का शव करीब दो दिन तक सड़क किनारे पड़ा रहा। इस दौरान आवारा कुत्ते शव को नोचते रहे और आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैलती रही।
मामले की जानकारी मिलने पर गौ रक्षक टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोवंश के शव को विधिवत उठवाया और हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उसका अंतिम संस्कार कराया।
इस दौरान किसान मजदूर संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं गौ रक्षक शांतनु मानव राजपूत ने एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब एनएचएआई कर्मचारियों ने जेसीबी से गोवंश के शव को एक्सप्रेसवे से हटाया था, तो उसका उचित स्थान पर अंतिम संस्कार भी कराया जा सकता था। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।शांतनु मानव राजपूत ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान ध्रुव राजपूत, शिवम लड्डू, कार्तिक, राहुल राजपूत, प्रिंस, अंश और दीपू सहित गौ रक्षक टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। टीम ने गोवंश की सेवा और सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहने का संकल्प दोहराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)