अमित शाह से मिले संजय निषाद, 2027 चुनाव से पहले सीट बंटवारे पर बड़ा खेल!
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले संजय निषाद ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की। बैठक में एनडीए गठबंधन, चुनावी रणनीति और सीट बंटवारे पर चर्चा हुई। अगले सप्ताह सीटों को लेकर अहम बैठक हो सकती है।
दि राइजिंग न्यूज़ | लखनऊ | 13 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच आगामी विधानसभा चुनाव, एनडीए गठबंधन की रणनीति और निषाद समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
संजय निषाद ने अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने निषाद समाज की लंबित मांगों और पार्टी पदाधिकारियों से जुड़े विषयों को लेकर एक मांग पत्र भी सौंपा। मुलाकात में भारतीय जनता पार्टी और निषाद पार्टी के गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने, आपसी समन्वय और जीत की रणनीति पर सकारात्मक बातचीत हुई।
मुलाकात के बाद संजय निषाद ने कहा कि अमित शाह उनके वरिष्ठ मार्गदर्शक हैं। वह उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देने और उत्तर प्रदेश की राजनीति पर चर्चा करने पहुंचे थे। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में एनडीए की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी।
अगले सप्ताह सीट बंटवारे पर होगी चर्चा
संजय निषाद ने बताया कि अगले सप्ताह होने वाली बैठक में सीट बंटवारे को लेकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने उन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने का अवसर मांगा है, जहां कश्यप समुदाय की अच्छी खासी आबादी है और उनकी पार्टी को अभी तक चुनावी सफलता नहीं मिली है।इस मुलाकात के दौरान निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व सांसद प्रवीण निषाद तथा विधायक सरवन निषाद भी मौजूद रहे। अब सबकी नजर अगले सप्ताह होने वाली बैठक पर है, जिसमें एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सामने आ सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)