गोवर्धन महाराज के जयकारों से गूंजा आगरा का इस्कॉन:श्रद्धालुओं ने गोवर्धन शिला का पंचामृत से अभिषेक कर की परिक्रमा
गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंगलवार को आगरा के श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने घरों से छप्पन भोग के व्यंजन तैयार कर मंदिर पहुंचाए। गोवर्धन शिला का पंचामृत से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की और जयकारों के साथ परिक्रमा लगाई। इस दौरान मंदिर परिसर हरे राम, हरे कृष्ण और गोवर्धन महाराज के जयकारों से गूंजता रहा। महोत्सव की शुरुआत सुबह 4:30 बजे मंगला आरती के बाद हुई। इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविंद प्रभु ने गोवर्धन महिमा की कथा सुनाई। इसके बाद शंखनाद, मृदंग और मंजीरों के साथ कीर्तन करते हुए श्रद्धालु गोवर्धन शिला को डोले में विराजमान कर पंडाल तक लेकर पहुंचे। यहां विधि-विधान से दूध, दही, घी, शहद और अन्य सामग्री से गोवर्धन शिला का पंचामृत अभिषेक किया गया। श्रद्धालु अपने घरों से अभिषेक की सामग्री और छप्पन भोग के लिए तरह-तरह के व्यंजन लेकर आए थे। मंदिर में ग्वाल-बालों के साथ भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन पर्वत उठाने की आकर्षक झांकी भी सजाई गई। आरती के बाद भक्तों ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा लगाई। शाम को कार्तिक मास के अवसर पर गोपीगीत और दीपदान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नितेश अग्रवाल, आशू मित्तल, सुशील अग्रवाल, शैलेंद्र अग्रवाल, कांता प्रसाद अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, देव केशव, राजेश गर्ग, सुनील मनचंदा और अदिति गौरांगी सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)