सांसद सनातन पांडे के बयान पर भड़कीं साध्वी निरंजन:कानपुर देहात में बोलीं- अखिलेश खंडन करें या सांसद से माफी मंगवाएं

Nov 10, 2026 - 15:23
0
सांसद सनातन पांडे के बयान पर भड़कीं साध्वी निरंजन:कानपुर देहात में बोलीं- अखिलेश खंडन करें या सांसद से माफी मंगवाएं
राम मंदिर आंदोलन के दौरान गोली चलवाने के फैसले को संविधान और भारत बचाने से जोड़ने वाले समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय के बयान पर सियासी घमासान छिड़ गया है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने इस बयान को आहत करने वाला बताते हुए अखिलेश यादव से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव या तो अपने पिता के फैसले को सही मानने की बात स्वीकार करें या फिर अपने सांसद के बयान का खंडन कर उनसे माफी मंगवाएं। मंगलवार को कानपुर देहात जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर मूसानगर स्थित अपने आश्रम में मीडिया से बातचीत करते हुए साध्वी निरंजन ज्योति ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सनातन पांडेय का बयान उन परिवारों के जख्मों को कुरेदने वाला है, जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन के दौरान गोलीकांड में अपने बेटे और पति खोए हैं। ऐसे परिवारों की भावनाएं इस बयान से आहत हुई हैं। सांसद को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। साध्वी ने सीधे अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अब इसका जवाब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को देना होगा। अखिलेश यादव पूरे परिवार के साथ रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे हैं। उन्हें वहीं अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए क्या वह अपने पिता मुलायम सिंह यादव के उस फैसले को सही मानते हैं, जिसके तहत कारसेवकों पर गोलियां चलवाई गई थीं? अगर सांसद सनातन पांडेय उस फैसले को सही बता रहे हैं तो पार्टी को भी इस पर अपना पक्ष साफ करना होगा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव या तो अपने सांसद के बयान का खंडन करें या फिर उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाएं। वहीं, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की राजनीति पर भी साध्वी ने सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि इस तरह के भ्रामक बयान क्यों दिए जा रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस ने सीटें जीती हैं। कांग्रेस तेलंगाना,कर्नाटक और केरल में सरकार चला रही है। इसके बावजूद संवैधानिक पीठ पर सवाल उठाना और इस तरह के बयान देना उचित नहीं है। मूसानगर आश्रम से साध्वी निरंजन ज्योति के इस बयान ने राम मंदिर आंदोलन और मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी के मुद्दे को एक बार फिर सियासत के केंद्र में ला दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User