ग्रेटर नोएडा में दो भाइयों के घर में चोरी:जागरण में गया था परिवार, CCTV में कैद हुए चोर

Oct 28, 2026 - 10:38
0
ग्रेटर नोएडा में दो भाइयों के घर में चोरी:जागरण में गया था परिवार, CCTV में कैद हुए चोर
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रोजा जलालपुर गांव में चोरों ने एक ही रात दो सगे भाइयों के घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों परिवार 15 अक्टूबर को बड़े भाई के यहां आयोजित जागरण में शामिल होने गए थे। इसी दौरान घरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए गए। पीड़ितों के मुताबिक, दोनों घरों से करीब 4.50 लाख रुपये नकद और 15 से 20 लाख रुपये कीमत के गहने गायब हैं। बिसरख कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चेहरा ढके दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और मामले का खुलासा करने में जुटी है। अगले दिन घर लौटे तो टूटे मिले ताले गांव के रहने वाले सोनू ने बताया कि उनके और उनके छोटे भाई के घर में चोरी हुई है। दोनों परिवार जागरण में शामिल होने गए थे। अगले दिन जब उनका छोटा भाई घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। CCTV में दिखाई दिए दो संदिग्ध पीड़ित परिवार के मुताबिक, घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। इसमें दो संदिग्ध घरों के आसपास दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। परिवार को आशंका है कि आरोपियों ने वारदात से पहले घरों की रेकी की होगी। हालांकि, संदिग्धों की पहचान और चोरी में उनकी भूमिका की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस टीम कर रही जांच बिसरख पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। इसके साथ ही अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User