गुरुपर्व पर देखने को मिली सेवा की अनूठी झलक:कानपुर में करोड़पति और बिजनेसमैन उठा रहे जूठे पत्तल और जूते, बच्चे भी दे रहे सेवा
सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर कानपुर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। शहर के मोतीझील में मंगलवार को मनाए जा रहे गुरुपर्व के मौके पर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। मोतीझील में शबद-कीर्तन और लंगर सेवा के बीच एक ऐसी सेवा भी लोगों का ध्यान खींच रही है, जो विनम्रता और निस्वार्थ भाव का संदेश देती है। यह है जोड़ा घर की सेवा। यहां बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सेवादार श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल संभालने में जुटे हैं। देखिए 3 तस्वीरें… जूता घर सेवा में कोई छोटा-बड़ा नहीं मोतीझील में शबद-कीर्तन और लंगर में प्रवेश से पहले श्रद्धालु अपने जूते-चप्पल जोड़ा घर में उतारते हैं। यहां मौजूद सेवादार उन्हें व्यवस्थित तरीके से रखते हैं, उनकी सुरक्षा का ध्यान रखते हैं और टोकन नंबर दे देते हैं। वहीं, दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को वापस सौंपते हैं। खास बात यह है कि इस सेवा में कोई छोटा-बड़ा नहीं है। यहां सेवा करने वाले कोई बिजनेसमैन है, तो कई बड़ी-बड़ी कंपनियों में काम करते हैं। हर सेवादार बिना किसी भेदभाव और अहंकार के अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। गुरु नानक देव जी के समानता, विनम्रता और सेवा के संदेश को यह परंपरा जमीन पर उतारती नजर आती है। तीन दिन तक चलती है जोड़ा घर की सेवा बिजनेसमैन हरदीप सिंह राखरा ने बताया कि कानपुर में गुरुपर्व के आयोजनों के दौरान जोड़ा घर की सेवा यंग मैन सिख एसोसिएशन की ओर से की जाती है। संस्था गुरुपर्व सहित सिख समाज के अन्य आयोजनों में भी यह जिम्मेदारी निभाती है। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान जितने भी दीवान आयोजित होते हैं, उन सभी में एसोसिएशन के सदस्य श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल रखने और वापस देने की सेवा करते हैं। सुबह 6 बजे से शुरू होती है सेवा टोयोटा कंपनी में काम करने वाले मनेंद्र सिंह ने बताया कि मोतीझील में हर साल बड़े स्तर पर गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाया जाता है। इस दौरान सिख समाज के बड़ी संख्या में लोग गुरुद्वारे पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुबह 6 बजे से दोपहर 4 बजे तक सेवा की जाती है। इसके बाद शाम 6 बजे से दीवान सजता है, जो रात 12 से 1 बजे तक चलता है। इस दौरान भी सेवादार लगातार अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। अखंड पाठ और लंगर में भी जुटे श्रद्धालु गुरुपर्व पर गुरुद्वारों में शबद-कीर्तन और लंगर का आयोजन किया जाता है। शबद कीर्तन में रागी जत्थों ने गुरु नानक देव जी की महिमा पर प्रकाश डाला। वहीं लंगर में कोई भोजन तैयार करता है, कोई रोटियां बनाता है, तो कोई श्रद्धालुओं को भोजन परोसने और बर्तन साफ करने की सेवा करता है। सिख धर्म में इसे निष्काम सेवा कहा जाता है, यानी बिना किसी स्वार्थ या फल की इच्छा के दूसरों की सेवा करना। गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व इसी सेवा, समानता और भाईचारे के संदेश को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)