हमीरपुर में 67 वाहनों के चालान:सड़क सुरक्षा अभियान में बिना हेलमेट के 40 चालक पकड़ाए
हमीरपुर में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग ने शुक्रवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियम तोड़ने वाले 67 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 40 दोपहिया चालक बिना हेलमेट के वाहन चलाते मिले।
विभाग की टीमों ने अलग-अलग मार्गों पर जांच की। खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के 9, तय गति सीमा से तेज चलाने के 7 और सीट बेल्ट नहीं लगाने के 11 मामले सामने आए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े का मकसद चालान के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही से चालक और सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
एआरटीओ प्रवर्तन सुधीर कुमार यादव ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपकरण अपनी जान बचाने के लिए जरूरी हैं।
यादव ने स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी पर कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई होगी। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान जागरूकता कार्यक्रमों के साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)