होटल स्क्वायर कांड में होगी पुलिस भूमिका की जांच:एसपी सिटी तीन दिन में SSP को सौंपेंगे रिपोर्ट, आज से दर्ज होंगे बयान

Nov 27, 2026 - 06:49
0
होटल स्क्वायर कांड में होगी पुलिस भूमिका की जांच:एसपी सिटी तीन दिन में SSP को सौंपेंगे रिपोर्ट, आज से दर्ज होंगे बयान
आबूलेन के होटल स्क्वायर में गाजियाबाद की दलित युवती से दुष्कर्म और मारपीट के मामले में अब सदर बाजार थाना पुलिस की कार्यप्रणाली भी जांच के घेरे में है। घटना के शुरुआती दौर में मामले को आपसी बताकर निपटाने का प्रयास करने वाली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने के बाद एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने जांच बैठा दी है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले शुक्रवार से संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज कर जांच रिपोर्ट तैयार करेंगे। इंस्पेक्टर, चौकी इंचार्ज और हलका सिपाही की भूमिका जांचकर उन्हें तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंपनी है। पहले एक नजर पूरी घटना पर 24 नवंबर 2026 को सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर से 24 वर्षीय युवती बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए बाहर भागी थी। एक युवक ने बेअदब तरीके से युवती को पकड़ा और फिर उठाकर होटल में ले जाने लगा। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया। युवती के साथ दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में पुलिस ने घटना को आपसी मामला बताकर निपटाने का प्रयास किया। होटल, होटल संचालक, होटल स्टाफ और आरोपी सलमान को भी क्लीन चिट दे दी गई। इस शुरुआती कार्रवाई को लेकर अब पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। सीसीटीवी वायरल हुआ तो मचा हड़कंप घटना के बाद होटल से सामने आए सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो में युवती होटल से बाहर निकलकर मदद मांगती दिखाई देने के बाद पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सवाल उठने लगे। मामला मेरठ से निकलकर लखनऊ तक पहुंच गया। आला अधिकारियों के फोन घनघनाने लगे और पुलिस महकमे में खलबली मच गई। हिंदूवादी नेता ने उठाए होटल व्यवस्था पर सवाल हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही ने मामले को लेकर मुखर होकर विरोध जताया। उन्होंने केवल होटल स्क्वायर ही नहीं, बल्कि सदर बाजार समेत शहरभर के होटलों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। आरोपों की गंभीरता और वायरल वीडियो के बाद मामला शासन स्तर तक पहुंच गया। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर भी पूरे मामले में सक्रिय हो गए। अगली सुबह होटल पहुंचे एसएसपी मामले की गंभीरता को देखते हुए अगली सुबह एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति खुद आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर पहुंचे। उन्होंने होटल का निरीक्षण किया और घटनाक्रम की जानकारी ली। एसएसपी की सख्ती के बाद प्रशासनिक कार्रवाई भी तेज हुई। करीब दो घंटे के भीतर होटल को सील करा दिया गया। होटल सील करने के पीछे एसएसपी ने अंदर मौजूद साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को वजह बताया था। पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच शुरू मामले में पुलिस पर सवाल उठने के बाद एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले को जांच सौंप दी। जांच के दायरे में सीओ, इंस्पेक्टर, चौकी इंचार्ज और हलका सिपाही को शामिल किया गया है। एसएसपी ने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका स्पष्ट करते हुए रिपोर्ट तलब की है। आज से बयान, तीन दिन में रिपोर्ट एसपी सिटी शुक्रवार से जांच की औपचारिक शुरुआत करेंगे। संबंधित पुलिसकर्मियों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। शुरुआती कार्रवाई में किस स्तर पर लापरवाही हुई, घटना को आपसी मामला बताने के पीछे क्या आधार था और वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई में बदलाव क्यों आया, जांच में इन बिंदुओं को स्पष्ट किया जाएगा। एसपी सिटी को तीन दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंपनी है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका और आगे की कार्रवाई तय होगी। एक नजर डालते हैं पूरे घटनाक्रम पर… - 24 नवंबर को होटल स्क्वायर से युवती मदद के लिए चिल्लाते हुए बाहर भागी। - पुलिस ने मामले को आपसी बताकर निपटाने का प्रयास किया, होटल और आरोपी को क्लीन चिट दी। - सोशल मीडिया पर फुटेज वायरल होने के बाद मामला गरमाया, लखनऊ तक शिकायतों और फोन का सिलसिला पहुंचा। - हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही ने होटल और शहर के अन्य होटलों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। - अगली सुबह एसएसपी होटल पहुंचे, निरीक्षण किया और प्रशासन से समन्वय कर होटल सील कराया। - एसपी सिटी को थाना पुलिस की भूमिका की जांच सौंपी गई। - आज से संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज होंगे। - तीन दिन में एसपी सिटी को एसएसपी के समक्ष जांच रिपोर्ट पेश करनी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User