राधिका अपार्टमेंट केस-20 हजार का इनामी फाइनेंसर ICU में:रिश्तेदार बोले- वह बीमार है, पुलिस ने 23 अस्पतालों में ढूंढा
राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड के बाद से फरार चल रहा 20 हजार का इनामी फाइनेंसर प्यारे खान बीमार हो गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वह चोरी छिपे एक अस्पताल के आईसीयू में अपना इलाज करा रहा है। जिसके बाद पुलिस गुरुवार को शहर के 23 अस्पतालों में उसकी तलाश में छानबीन की, हालांकि अभी तक वह हाथ नहीं लगा है। इस मामले में पुलिस ने बिल्डरों के रिश्तेदारों से पूछताछ की है। 16 नवंबर की तड़के अपार्टमेंट में आग लगी थी पटकापुर के श्रीगणेश मंदिर स्थित गली में 16 नवंबर की तड़के करीब 3:30 पर राधिका अपार्टमेंट के मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई थी। जिसकी चपेट में आकर ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहन धू–धूकर जलने लगे। कुछ ही देर में आग की लपटें बिल्डिंग में फैल गई थी। बिल्डिंग से बाहर निकलने के प्रयास में राखी साहू की बालकनी से गिरकर जबकि प्रांजुल बाथम की आग के धुएं में दम घुटने से मौत हो गई थी। इस मामले में फीलखाना पुलिस ने प्रांजुल के पिता अनिल बाथम की तहरीर पर बिल्डर मोहित तिवारी, फाइनेंसर प्यारे खान, पूर्व पार्षद व हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान, शफीक और सरबजीत कौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में मुख्य आरोपी मोहित तिवारी को पुलिस जेल भेज चुकी है, जबकि आरोपी प्यारे खान की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक उसका परिवार मोबाइल बंद करके फरार है। दूसरे रिश्तेदारों से पूछताछ पर पता चला कि वह बीमार हो गया है। इसी के चलते उसने अर्जी डालने के बाद भी कोर्ट में सरेंडर नहीं किया। पुलिस के मुताबिक उसका आईसीयू में इलाज चलने की बात रिश्तेदार बता रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने अस्पतालों में जांच पड़ताल की लेकिन प्यारे नहीं मिला। एसीपी कोतवाली ने बताया कि सर्किल के सभी अस्पतालों में पुलिस भेजकर पता लगाया गया है, लेकिन वह नहीं मिला। अब दूसरे सर्किल के अस्पतालों में भी छानबीन की जाएगी। केडीए का रिटायर कर्मी बोला, सरिया हो या सीमेंट..सब नकद खरीदते थे पुलिस सूत्रों के मुताबिक फरार इनामी शफीक के भाई शहनवाज, उसके जीजा शुभान, प्यारे के दामाद अकबर और केडीए के रिटायर्ड कर्मी सिद्दू से पूछताछ की गई है। सभी ने बताया कि प्यारे की मोहित और शफीक से दोस्ती रही है। यह लोग मिलकर जमीनों पर पैसा लगाते थे। केडीए कर्मियों की मिलीभगत से अवैध बिल्डिगों का निर्माण होता था। बिल्डिंग बनाने में सरिया खरीदनी हो या सीमेंट कोई भी भुगतान करना हो, सब नकद में होता था। पुलिस के मुताबिक इनके वित्तीय लेनदेन को लेकर बैंक अकाउंट की डिटेल मांगी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)