पुलिस ने 101 खोए मोबाइल लौटाए:सीईआईआर पोर्टल से 25 लाख रुपए के फोन मिले, डीसीपी ने मालिकों को सौंपे

Nov 28, 2026 - 14:06
0
पुलिस ने 101 खोए मोबाइल लौटाए:सीईआईआर पोर्टल से 25 लाख रुपए के फोन मिले, डीसीपी ने मालिकों को सौंपे
कानपुर में गुम मोबाइल पाने पर 101 लोगों के चेहरे खिल उठे। साइबर क्राइम सेल पश्चिम जोन ने भारत सरकार के सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से करीब 25 लाख रुपए कीमत के 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। अपना खोया हुआ मोबाइल हाथ में पाकर लोगों ने पुलिसकर्मियों का आभार जताया और इस पहल की सराहना की। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के निर्देशन में साइबर क्राइम सेल पश्चिम जोन और जोन के सभी थानों की साइबर हेल्प डेस्क ने संयुक्त रूप से गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन गुम होने की शिकायत मिलने के बाद उनके आईएमईआई नंबर को सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराया गया। इसके बाद संबंधित मोबाइल फोन में किसी अन्य सिम के इस्तेमाल की जानकारी मिलने पर उनकी लोकेशन और तकनीकी विवरण के आधार पर बरामदगी की कार्रवाई की गई। साइबर क्राइम सेल और थानों की साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त कोशिशों से यह सफलता मिली। इस साल अब तक 450 मोबाइल बरामद पश्चिम जोन पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक करीब 450 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इन सभी मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए साइबर सेल और थानों की हेल्प डेस्क को सक्रिय रखा गया है। मोबाइल वापस मिलने पर छलकी खुशी शुक्रवार को मोबाइल फोन लेने पहुंचे लोगों के लिए यह किसी सौगात से कम नहीं था। कई लोगों ने बताया कि मोबाइल खोने के बाद उन्होंने उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। पुलिस से फोन मिलने के बाद उन्होंने राहत की सांस ली। मोबाइल में मौजूद जरूरी संपर्क नंबर, फोटो और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां वापस मिलने से भी लोगों को काफी सहूलियत मिली। डीसीपी पश्चिम ने लोगों को मोबाइल फोन की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और फोन गुम होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। मोबाइल गुम हो तो तत्काल करें ये काम पुलिस ने मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने की स्थिति में लोगों से लापरवाही न बरतने की अपील की है। इसके लिए सबसे पहले भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल www.ceir.gov.in पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल फोन को ब्लॉक कराने का अनुरोध करें। इसके साथ ही नजदीकी थाने या साइबर हेल्प डेस्क पर सूचना दें। मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखें। इसे फोन में *#06# डायल करके भी प्राप्त किया जा सकता है। पुलिस ने सलाह दी है कि मोबाइल गुम होने पर संबंधित नेटवर्क कंपनी से संपर्क कर सिम कार्ड तत्काल ब्लॉक कराएं और नया सिम प्राप्त करें। फोन में बैंकिंग एप, यूपीआई और अन्य वित्तीय खातों का इस्तेमाल करते हैं तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। जरूरत पड़ने पर संबंधित खातों के पासवर्ड और पिन भी बदल दें। पुलिस का कहना है कि समय रहते शिकायत दर्ज कराने और आईएमईआई नंबर उपलब्ध कराने से मोबाइल फोन की बरामदगी में मदद मिल सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User