हरदोई में बोलेरो में चली गोली, छात्र की मौत:घायल साथी ने तमंचा जांचने के दौरान गोली चलने की बात कही, पुलिस बता रही हादसा
हरदोई के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में उन्नाव-कटरा मार्ग पर दुर्गागंज के पास रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में बोलेरो में गोली चलने से BSc प्रथम वर्ष के 18 साल के छात्र सोनू की मौत हो गई, जबकि उनका साथी रोहित (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस को बोलेरो से तमंचा और कारतूस भी मिले हैं। हालांकि, गोली चलने की बात पर घायल के बयान और पुलिस के कथन में अंतर सामने आया है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। मृतक सोनू हरपालपुर क्षेत्र के गुलौली गांव के रहने वाले थे। उनके पिता अनिल कुमार अरवल थाने में होमगार्ड हैं। घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की है। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस घायल रोहित को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। साथी ने बताया- तमंचा जांचने के दौरान चली गोली घायल रोहित के मुताबिक, रविवार देर शाम वह सोनू, उर्वेश (33) और एक अन्य साथी के साथ बोलेरो से सांडी गए थे। वहां उर्वेश ने फोन करके किसी व्यक्ति से तमंचा लिया। इसके बाद तमंचे को जांचने के लिए सभी बिलग्राम की ओर चल दिए। बोलेरो सोनू चला रहे थे और रोहित आगे की सीट पर उनके पास बैठे थे। रोहित का दावा है कि दुर्गागंज के पास उर्वेश तमंचा जांच रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई। गोली लगने से सोनू की मौत हो गई और बोलेरो अनियंत्रित हो गई। इसके बाद गाड़ी आगे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे के तुरंत बाद उर्वेश और चौथा साथी मौके से भाग गए। बोलेरो में बैठे रोहित भी घायल हो गए। पुलिस ने बताया- ट्रक से टकराई थी बोलेरो दूसरी ओर, बिलग्राम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने गोली चलने के दावे को खारिज करते हुए बताया कि बोलेरो अनियंत्रित होकर पीछे से एक ट्रक में जा घुसी थी, जिससे हादसा हुआ। हालांकि, बोलेरो से तमंचा और कारतूस मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। गाड़ी में चालक की सीट पर भी एक निशान मिला है। पुलिस की टीमें घटनाक्रम की जांच कर रही हैं। मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल रोहित से पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)